Congress Star Campaigners in Haryana: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। स्टार प्रचारकों में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल हैं। कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला तथा कुमारी सैलजा को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।
विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के भी नाम
पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के नाम भी पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में हैं। इसके अलावा कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, पार्टी के हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया, पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख उदय भान और वरिष्ठ नेता अजय माकन, बीरेंद्र सिंह, आनंद शर्मा और सचिन पायलट शामिल हैं। स्टार प्रचारकों की सूची में अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, चरणजीत सिंह चन्नी तथा कई अन्य नेताओं को भी शामिल किया गया है। हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच अक्टूबर को एक चरण में मतदान होगा और मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।
89 सीटों पर लड़ेगी कांग्रेस
कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 89 सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है और गठबंधन के तहत एक सीट उसने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को दी है। मुख्य विपक्षी दल द्वारा हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में 89 सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही आम आदमी पार्टी (आप) और समाजवादी पार्टी के साथ उसके गठबंधन की संभावना भी खत्म हो गई।
भिवानी सीटी माकपा को दी
कांग्रेस ने बुधवार देर रात 40 उम्मीदवार घोषित किए। फिर उसने गुरुवार तड़के पांच, सुबह दो और दोपहर के समय एक उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया। उसने 41 प्रत्याशियों की घोषणा पहले कर दी थी। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार, पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने भिवानी विधानसभा सीट माकपा को देने का फैसला किया है। पहले यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि सोहना विधानसभा सीट समाजवादी पार्टी के खाते में जा सकती है। हालांकि कांग्रेस ने यहां से रोहताश खटाना को उम्मीदवार घोषित कर दिया।
कांग्रेस ने हरियाणा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत की थी, जिसमें दोनों पक्षों के बीच गतिरोध पैदा हो गया था। हरियाणा के कुछ कांग्रेस नेताओं ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ गठबंधन पर आपत्ति व्यक्त की थी। केजरीवाल की पार्टी ने भी 89 उम्मीदवारों की घोषणा की है।
