Varun Drop Maneka got ticket from Sultanpur: बीजेपी की 5वीं लिस्ट जारी हो गई है इसमें यूपी से 13 उम्मीदवारों की घोषणा की गई है, चौंकाने वाले फैसले में कुछ नामचीन भाजपाई चेहरों का टिकट इस दफा काट दिया गया है, बात पीलीभीत सीट की करें तो यहां से बीजेपी ने वरुण गांधी का टिकट काट दिया है, जबकि उनकी मां मेनका गांधी अपना टिकट बचाने में कामयाब रही हैं।
पीलीभीत से वरुण गांधी का टिकट कट गया है
पीलीभीत सीट से बीजेपी ने वरूण गांधी का टिकट काटकर इस बार जितिन प्रसाद को टिकट दिया है जो उत्तर प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री हैं और इससे पहले वो कांग्रेस पार्टी से सांसद के अलावा केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं, माना जा रहा था कि वरूण के तीखे बयानों से सरकार सहज नहीं थी और उनके टिकट कटने के कयास पहले से ही लगाए जा रहे थे।
मां मेनका गांधी सुल्तानपुर से अपना टिकट बचाने में कामयाब
वहीं वरूण गांधी की मां मेनका गांधी की बात करें तो वो इस चुनाव में सुल्तानपुर से अपना टिकट बचाने में कामयाब रही हैं, पहले मेनका पीलीभीत से चुनाव लड़ती थीं फिर बेटे के लिए वो सुल्तानपुर सीट पर से लड़ने लगीं। गौर हो कि बीजेपी ने यूपी के 13 और प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है पहले 51 और अब 13 मिलाकर कुल 64 नाम घोषित हो गए है।
बरेली से संतोष गंगवार का भी कटा टिकट
बरेली से वरिष्ठ नेता संतोष गंगवार की जगह छत्रपाल गंगवार को टिकट मिला है वहीं बदायूं से संघमित्रा मौर्या का भी टिकट कट गया है उधर हाथरस से मौजूदा सांसद राजवीर सिंह की जगह अनूप वाल्मीकि को बीजेपी टिकट हासिल हो गया है।
BJP की 5वीं लिस्ट में 111 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा
बीजेपी ने अपनी 5वीं सूची में कुल 111 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। जिसमें उत्तर प्रदेश के 13 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल से 19 उम्मीदवार, तेलंगाना से 2, सिक्किम से 1, राजस्थान से 7, ओडिशा से 18, मिजोरम से 1, महाराष्ट्र से 3, केरल से 4, कर्नाटक से 4, झारखंड से 3, हिमाचल प्रदेश से 2, हरियाणा से 4, गुजरात से 6, गोवा से 1, बिहार से 17 और आंध्र प्रदेश से 6 उम्मीदवारों के नाम इस सूची में शामिल हैं।
