UP Nikay Chunav BJP Candidate List 2023: यूपी निकाय चुनाव 2023 के लिए बीजेपी बाकी बचे हुए मेयर उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। बीजेपी के मेयर उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट में अर्चना वर्मा को भी जगह मिली है, जो रविवार को ही सपा से बीजेपी में आई हैं। सपा ने उन्हें शाहजहांपुर से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन चुनाव से पहले ही वो बीजेपी में शामिल हो गईं। बीजेपी ने भी उन्हें शाहजहांपुर से ही टिकट दे दिया।
और किसे-किसे टिकट
बीजेपी ने अयोध्या से श्री गिरिशपती त्रिपाठी को टिकट दिया है। वहीं कानपुर से श्रीमति प्रमिला पाण्डेय को बीजेपी ने चुनावी मैदान में उतारा है। मेरठ से हरीकांत अहलूवालिया, गाजियाबाद से सुनीता दयाल, अलीगढ़ से प्रशांत सिंघल, बरेली से उमेश गौतम, शाहजहांपुर से अर्चना वर्मा को बीजेपी ने टिकट दिया है।

up nikay chunav bjp list.
चुनाव प्रचार की तैयारी
उत्तर प्रदेश भाजपा के मीडिया सह-प्रभारी अभय सिंह ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता 24 अप्रैल को राज्य के विभिन्न शहरों से पार्टी की विकास रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर चल रहे शहरी स्थानीय निकायों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर में विकास रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे, जबकि प्रदेश प्रमुख भूपेंद्र सिंह चौधरी मेरठ में यात्रा को हरी झंडी दिखायेंगे। सिंह ने कहा कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक क्रमशः झांसी और गाजियाबाद में यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।
कब होना है चुनाव
शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान चार मई और 11 मई को होगा। मतगणना 13 मई को होगी। नगरीय निकाय चुनाव में महापौर की 17 सीटों, पार्षद की 1420, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष की 199, नगर पालिका परिषद सदस्य की 5327, नगर पंचायत अध्यक्ष की 544 और नगर पंचायत सदस्य की 7178 सीटों के लिए मतदान होगा।
लोकसभा चुनाव से पहले हो रहे ये चुनाव
स्थानीय निकाय चुनाव वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले खुद को मजबूत करने की कोशिश कर रहे सत्तारूढ़ भाजपा और प्रमुख विपक्षी समाजवादी पार्टी सहित राजनीतिक दलों के लिए अपनी तैयारियों को परखने का मौका होगा। राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं।
