UP Nikay Chunav 2023: यूपी निकाय चुनाव को लेकर राज्य में चुनाव प्रचार जोरों पर है। इसी क्रम में जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव सीएम योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर पहुंचे तो उन्होंने वहां पर बीजेपी पर जमकर बरसे।
लोकसभा चुनाव की तैयारी
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने योगी के गढ़ गोरखपुर में एक सभा को संबोधित किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने 2024 लोक सभा चुनाव का भी बिगुल फूंक दिया। अखिलेश यादव ने सभा में योगी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार 6 साल के कार्यकाल में शहरों से कूड़ा नहीं हटा पाई, नालियां और नाले नहीं साफ कर पाई। सड़कों से गड्ढे नहीं हटा पाई। भाजपा सरकार जनता से तमाम तरह का टैक्स लेती है लेकिन उन्हें कोई सुविधा नहीं देती। स्मार्ट सिटी के नाम पर सिर्फ धोखा देने का काम किया है, इसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है।
जाति आधारित जनगणना पर BJP को घेरा
अखिलेश यादव ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि किसी ने अगर दलितों-अल्पसंख्यकों का अपमान किया है तो भारतीय जनता पार्टी के लोग हैं। जब हम कहते हैं कि जाति जनगणना हो तो उन्हें सांप सूंघ जाता है। जाति आधारित जनगणना अकेले समाज के हर वर्ग के विकास को सुनिश्चित कर सकती है।
क्या कहा अखिलेश ने
अखिलेश यादव ने कहा- हम कहते हैं कि जाति जनगणना होनी चाहिए। अगर ये आरोप हमलोग पर लगाते हैं कि हमलोगों ने सबसे ज्यादा मलाई ले ली है, तो हम ये कहते हैं कि मलाई हम नहीं लेना चाहते हैं, सबकी गिनती हो जाए, कौन कितना है, उस हिसाब से मलाई बंट जाए।"
कब है चुनाव
उत्तर प्रदेश में शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव दो चरणों में आगामी चार मई और 11 मई को होने हैं। मत गणना 13 मई को होगी। नगरीय निकाय चुनाव में महापौर की 17 सीटों, पार्षद की 1420, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष की 199, नगर पालिका परिषद सदस्य की 5327, नगर पंचायत अध्यक्ष की 544 और नगर पंचायत सदस्य की 7178 सीटों के लिए मतदान होगा।
