इलेक्शन

UP Nikay Chunav 2023: शाहजहांपुर में जिसके भरोसे चुनाव में जीत की उम्मीद लगाए थे अखिलेश यादव, वही BJP में हो गया शामिल

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 23, 2023, 10:51 PM IST

UP Nikay Chunav 2023: शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान चार मई और 11 मई को होगा। मतगणना 13 मई को होगी। नगरीय निकाय चुनाव में महापौर की 17 सीटों, पार्षद की 1420, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष की 199, नगर पालिका परिषद सदस्य की 5327, नगर पंचायत अध्यक्ष की 544 और नगर पंचायत सदस्य की 7178 सीटों के लिए मतदान होगा।

Image

चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल सपा मेयर उम्मीदवार

Photo : PTI

UP Nikay Chunav 2023: शाहजहांपुर में जिस मेयर उम्मीदवार के भरोसे अखिलेश यादव जीत की उम्मीद लगाए थे, वहीं बीजेपी में शामिल हो गई हैं। बीजेपी ने उन्हें टिकट भी दे दिया है। शाहजहांपुर से सपा की मेयर पद की उम्मीदवार अर्चना वर्मा रविवार को भाजपा में शामिल हो गयीं। इसके बाद भाजपा ने उन्हें शाहजहांपुर से ही महापौर पद के लिए टिकट दे दिया।

बृजेश पाठक ने दिलाई सदस्यता

अर्चना ने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और जेपीएस राठौर की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा। इसके चंद घंटे बाद ही पार्टी ने उन्हें शाहजहांपुर से महापौर पद का प्रत्याशी भी घोषित कर दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के हस्ताक्षर से जारी सूची में अर्चना का नाम शामिल है।

क्यों हुईं शामिल

बृजेश पाठक ने अर्चना का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा- "समाजवादी पार्टी ने अर्चना वर्मा को शाहजहांपुर से अपना मेयर प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन वह पार्टी की नीतियों से दुखी थीं। खास तौर पर सपा शासन के दौरान महिलाओं पर हुए अत्याचारों से उन्हें पीड़ा हुई। उन्होंने फैसला किया कि वह भाजपा में शामिल होंगी।"

राजनीतिक परिवार से आती हैं अर्चना

पाठक ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय और राज्य नेतृत्व ने फैसला किया है कि वे अर्चना वर्मा को पार्टी की सदस्यता देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अर्चना के ससुर राम मूर्ति वर्मा चार बार विधायक (तीन बार शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र से और एक बार ददरौल से) रहे। वह शाहजहांपुर (1996) के एक बार सांसद भी रहे।

शाहजहांपुर में दूसरे चरण का मतदान 11 मई को होगा। मतगणना 13 मई को होगी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article