इलेक्शन

'मुंबई पर हमला करोगे तो हम आपको जरूर काटेंगे', फडणवीस पर उद्धव ठाकरे का विवादित बयान, Video

Maharashtra Assembly Election 2024 : उद्धव ठाकरे ने बीकेसी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 'बटेंगे-कटेंगे छोड़िए, मुंबई पर हमला करोगे तो हम आपको जरूर काटेंगे।' उद्धव ने नाम लेकर फड़णवीस को धमकी दी है। महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। 20 नवंबर को यहां वोट डाले जाएंगे।

Image

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024

Maharashtra Assembly Election 2024 : महाराष्ट्र में चुनाव-प्रचार के आखिरी दिन नेताओं के बोल 'जहरीले' हो गए हैं। मुंबई में सोमवार को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यूबीटी शिवसेना के नेता उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एवं भाजपा नेता देवेंद्र फड़णवीस पर बेहद विवादित बयान दिया। उद्धव ने बीकेसी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 'बटेंगे-कटेंगे छोड़िए, मुंबई पर हमला करोगे तो हम आपको जरूर काटेंगे।' उद्धव ने नाम लेकर फड़णवीस को धमकी दी है।

भाजपा ने उद्धव पर किया पलटवार

उद्धव के इस विवादित बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा कि 'उद्धव ठाकरे हिंदू रक्षकों को काटने की बात कह रहे हैं। बाला साहेब और उद्धव में यही अंतर है। 1992-1993 में दाऊद ने जब मुंबई पर हमला किया तो बाला साहेब हिंदुओं को बचाने के लिए खड़े रहे लेकिन उद्धव ठाकरे हिंदू रक्षकों को काटने की बात कर रहे हैं।'

23 नवंबर को आएंगे चुनाव नतीजे

विधानसभा की 288 सीटों के लिए महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। सोमवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। राज्य में मुख्य लड़ाई भाजपा की अगुवाई वाली महायुति और कांग्रेस के नेतृत्व वाले एमवीए के बीच है। मतदाताओं को रिझाने के लिए सभी दलों ने अंतिम दिन अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जुबानी हमलों के साथ-साथ विवादित बयान भी सामने आए हैं। समझा जाता है कि उद्धव ठाकरे के इस बयान के लिए चुनाव आयोग उन्हें नोटिस जारी कर सकता है। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और चुनाव नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।

लोग कांग्रेस के खोखले वादों से अच्छी तरह वाकिफ-मोहन यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मोहन यादव ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार की लाडकी बहिन योजना तुरुप का इक्का साबित होता। वह 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए छत्रपति संभाजीनगर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोग कांग्रेस के खोखले वादों से अच्छी तरह वाकिफ हैं। यादव ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के झूठे विमर्श को जनता ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में खारिज कर दिया और वहां पर लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article