TMC Offices Vandalised: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भाजपा की भारी जीत के बाद तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों के फ्लेक्स बोर्ड, पार्टी बैनर और झंडे कथित तौर पर तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिए गए। हालांकि, बीजेपी ने इन घटनाओं में किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। टीएमसी का दावा है कि चुनाव परिणाम स्पष्ट होने के कुछ घंटों बाद ही दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर, कूच बिहार के तुफानगंज और उत्तर 24 परगना के पानीहाटी स्थित उसके कार्यालयों के बाहर शरारती तत्व जमा हो गए और तोड़फोड़ की।
टीएमसी दफ्तर पर तोड़फोड़
बारुईपुर में फ्लेक्स बोर्ड और बैनर फाड़ने का आरोप
एक स्थानीय टीएमसी नेता ने आरोप लगाया कि बारुईपुर में फ्लेक्स बोर्ड और बैनर फाड़ दिए गए और टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और पार्टी अध्यक्ष ममता बनर्जी की तस्वीरें जमीन पर फेंक दी गईं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में सुरक्षा बल तैनात किए गए और पार्टी कार्यालय के बाहर जमा भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया। एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बर्धमान जिले के जमुरिया में अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर एक स्थानीय टीएमसी पार्टी कार्यालय में आग लगा दी।
आसनसोल में टीएमसी कार्यालय में तोड़फोड़
आसनसोल में टीएमसी कार्यालय में तोड़फोड़ की गई, और पार्टी के एक नेता ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे भाजपा समर्थकों का हाथ है। पनिहाटी में, टीएमसी ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यालय पर कब्जा कर लिया गया है, क्योंकि साइनबोर्ड और झंडे हटाकर उनकी जगह भगवा रंग और कमल के चिन्ह लगा दिए गए हैं। उत्तर 24 परगना के नौपारा से टीएमसी उम्मीदवार त्रिनांकुर भट्टाचार्य को बैरकपुर में मतगणना केंद्र से बाहर आते समय भाजपा समर्थकों ने कथित तौर पर पीटा।
बीजेपी ने किया आरोपों को खारिज
हालांकि, वरिष्ठ भाजपा नेता और नौपारा से उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने इन आरोपों का खंडन किया और कहा कि ये घटनाएं टीएमसी के भीतर के आंतरिक विवादों का परिणाम हैं। राज्य के टीएमसी नेता ने दावा किया कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण भाजपा द्वारा संरक्षित शरारती तत्व पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर सुनियोजित हमले कर रहे हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मतगणना केंद्र से बाहर आते समय भट्टाचार्य का भाजपा कार्यकर्ताओं से विवाद हो गया और उन पर हमला किया गया। केंद्रीय बलों के जवानों और अन्य उपस्थित लोगों ने उन्हें सुरक्षित रूप से घटनास्थल से बाहर निकाल लिया। चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि उसने पुलिस और सुरक्षा बलों को शांति बनाए रखने और किसी भी पार्टी उम्मीदवार या समर्थक पर हमले रोकने के निर्देश दिए हैं।
