LIVETelangana Election 2023 Live Updates: दोपहर एक बजे तक 36.68 फीसदी वोटिंग, कई सुपरस्टार भी पहुंचे

Telangana Election 2023 Live Updates: दोपहर एक बजे तक 36.68 फीसदी वोटिंग, कई सुपरस्टार भी पहुंचे
Telangana Assembly Election 2023 Voting Live: तेलंगाना में आज 119 सदस्यीय राज्य विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। राज्य भर में 35,655 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जहां कुल रजिस्टर्ड 3.26 करोड़ मतदाता हैं। 106 निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक और 13 वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) प्रभावित निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। 2290 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, उनके मंत्री-बेटे केटी रामाराव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी और बीजेपी के लोकसभा सदस्य बी संजय कुमार और डी अरविंद शामिल हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा नौ अक्टूबर को चुनावों की तारीख घोषित किए जाने के बाद से ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू है। तेलंगाना के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी और सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) प्रमुख के चंद्रशेखर राव जैसे शीर्ष नेताओं के अपनी-अपनी पार्टी के स्टार प्रचारक रहे। वोटों की गिनती 03 दिसंबर को होगी। किसकी सरकार बनेगी इसी दिन नतीजे आ जाएंगे।
63.94 फीसदी मतदान
तेलंगाना शाम 5 बजे तक में कुल 63.94 फीसदी मतदान।
इन दिग्गजों ने किया मतदान
बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव, केंद्रीय मंत्री और राज्य भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी, बीआरएस नेता के. कविता, पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान और जुबली हिल्स से कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद अजहरुद्दीन, एमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी, मुख्य सचिव शांति कुमारी और पुलिस महानिदेशक अंजनी कुमार उन प्रमुख हस्तियों में शामिल थे जिन्होंने हैदराबाद में वोट डाला।
कहां कितना मतदान
33 जिलों में मेडक में सबसे ज्यादा 50.80 फीसदी मतदान हुआ। गडवाल में यह 49.29 और जयशंकर भूपालपल्ली जिले में 49.12 प्रतिशत था। कुछ स्थानों पर छिटपुट घटनाओं को छोड़कर सभी 119 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण और सुचारू ढंग से जारी है। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने सिद्दीपेट जिले के चिंतामदका गांव में अपना वोट डाला। राज्य कांग्रेस प्रमुख ए. रेवंत रेड्डी ने विकाराबाद जिले के कोडंगल निर्वाचन क्षेत्र में अपना वोट डाला।
तेलंगाना में मतदान के दौरान दो लोगों की मौत
तेलंगाना के आदिलाबाद शहर में गुरुवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के दौरान दो मतदाताओं की मौत हो गई। मतदान केंद्रों पर दोनों वरिष्ठ नागरिकों की तबीयत खराब हो गई। उनमें से एक की स्थानीय अस्पताल ले जाने से पहले ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक बूथ पर वोट डालने आईं टी. गंगम्मा (78) को दौरे पड़ गए। उन्हें राजीव गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। कस्बे के एक अन्य बूथ पर राजन्ना (65) बेहोश हो गए। उन्हें रिम्स में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
दोपहर 3 बजे तक 51 फीसदी मतदान
तेलंगाना में मतदान जारी, दोपहर 3 बजे तक 51 फीसदी मतदान।
तेलूगु सुपरस्टार महेश बाबू ने डाला वोट
शहरी क्षेत्रों में मतदान की गति धीमी
चुनाव आयोग और कई गैर सरकारी संगठनों द्वारा चलाए गए विशेष अभियानों के बावजूद हैदराबाद और अन्य शहरी क्षेत्रों में मतदान की गति धीमी है। आंकड़े बताते हैं कि हैदराबाद में केवल 20.70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि निकटवर्ती मेडचल मल्काजगिरी और रंगारेड्डी जिलों में भी क्रमश: 26.70 और 29.79 प्रतिशत मतदान हुआ।
बीआरएस मंत्री, विधायक ने पार्टी स्कार्फ पहनकर वोट डाला
एक मंत्री समेत सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति के दो उम्मीदवारों ने गुरुवार को विधानसभा चुनाव में वोट डालने के दौरान पार्टी का स्कार्फ पहनकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया।मंत्री इंद्रकरण रेड्डी ने निर्मल निर्वाचन क्षेत्र के येलापेल्ली गांव में अपने मत का प्रयोग करते समय पार्टी का स्कार्फ पहना हुआ था। इस क्षेत्र से वह फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने जो गुलाबी स्कार्फ पहना हुआ था उस पर पार्टी का नाम और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की तस्वीर थी। अन्य बीआरएस विधायक दुर्गम चिन्नैया ने भी मंचेरियल जिले के बेल्लमपल्ली निर्वाचन क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डालते समय पार्टी का स्कार्फ पहना था। चिन्नैया को वेंकटपुर गांव में मतदान केंद्र के अंदर स्कार्फ पहने देखा गया।
तेलंगाना में 36 फीसदी मतदान
36.68 फीसदी वोटिंग हुई
दोपहर एक बजे तक 36.68 फीसदी वोटिंग हुई।
लोगों को सोचकर वोट करना चाहिए-विजया शांति
हैदराबाद में अपना वोट डालने के बाद अभिनेत्री और कांग्रेस नेता विजया शांति ने कहा कि मुझे लगता है कि लोगों को सोचना चाहिए और वोट देना चाहिए। 10 साल से सीएम की कुर्सी पर गलत व्यक्ति बैठा है और लोग तंग आ चुके हैं। मुझे लगता है कि बदलाव होगा।
हैदराबाद: अभिनेता-निर्माता नागार्जुन और उनकी पत्नी अमला अक्किनेनी जुबली हिल्स में सरकारी वर्किंग वुमन छात्रावास(मतदान केंद्र) में मतदान करने पहुंचे।
सुबह 9 बजे तक 8.52% मतदान
तेलंगाना में सुबह 9 बजे तक 8.52% मतदान दर्ज किया गया।
कांग्रेस दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी-रेवंत रेड्डी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी और उनकी पत्नी गीता ने मतदान करने से पहले विकाराबाद के कोडंगल स्थित अपने आवास पर गौ पूजन किया। फिर वोट डाला। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने कहा कि 10 साल तक KCR सरकार में राज्य के किसानों ने बहुत सारी परेशानियां उठाईं। इस चुनाव के साथ, नए मतदाताओं से मेरी सबसे ज्यादा उम्मीद है कि वे तेलंगाना के भविष्य को आगे ले जाएंगे। कांग्रेस तेलंगाना लोगों की उम्मीदों को पूरा करने की कोशिश करेगी। पार्टी दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। भारत जोड़ो यात्रा के बाद तेलंगाना में बहुत सारे बदलाव आए। BRS-भाजपा- AIMIM मिलकर कांग्रेस को हराने की कोशिश कर रही है।
आप अपने वोट का इस्तेमाल कीजिए- ओवैसी
हैदराबाद के शास्त्रीपुरम में AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शास्त्रीपुरम के सेंट फैज हाई स्कूल(मतदान केंद्र) में मतदान किया। ओवैसी ने कहा कि तेलंगाना के सभी वोटर्स से मेरी अपील है कि आप अपने वोट का इस्तेमाल कीजिए। हैदराबाद की खूबसूरती के बरकरार रखने के लिए और हमारे इस रियासत की भाईचारगी को मजबूत बनाने के लिए, संविधान में और भरोसा पैदा करने के लिए मतदान कीजिए। ये घर में बैठकर छुट्टी बनाने का दिन नहीं है।
पीएम मोदी ने की तेलंगाना के लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान की अपील
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तेलंगाना के लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के पर्व को मजबूत करने का आह्वान किया। मतदान शुरू होने से पहले मोदी ने कहा कि मैं तेलंगाना के अपने भाई-बहनों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के पर्व को मजबूत करने का आह्वान करता हूं। उन्होंने युवा और पहली बार मतदान कर रहे मतदाताओं से भी बड़ी संख्या में इस पर्व में भाग लेने की अपील की।
कांग्रेस नेता और पूर्व टीम इंडिया के क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन हैदराबाद के एर्रामांज़िल इलाके में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। अजहरुद्दीन ने कहा कि वोट देना जरूरी है। अगर आप वोट नहीं देंगे तो आपको सवाल करने का कोई अधिकार नहीं है।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी डाला वोट, कही ये बात
केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए अंबरपेट के एक मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया। उन्होंने ने कहा कि भारत के प्रजातंत्र में मतदान एक महत्वपूर्ण हथियार है। इस अधिकार का पूर्ण उपयोग करना चाहिए। जो व्यक्ति अपने मतदान के अधिकार का उपयोग नहीं करता उसे आलोचना करने का अधिकार नहीं है। मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि मतदान करना हमारी जिम्मेदारी और अधिकार है इसलिए बाहर निकलकर मतदान कीजिए। तेलंगाना में अच्छी सरकार लाने की जिम्मेदारी आप सबकी है।
हैदराबाद: तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए अभिनेता अल्लू अर्जुन जुबली हिल्स इलाके में मतदान करने पहुंचे।