Telangana Rajender Eatala Huzurabad and Gajwel Assembly Election 2023 Profile: तेलंगाना में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में इस बार केसीआर की परंपरागात सीट गजवेल पर सबकी नजर होगी। भले ही केसीआर को मजबूत प्रत्याशी माना जाता हो, लेकिन भाजपा नेता राजेंद्र एटाला के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला कांटे का हो गया है। शायद यही कारण है कि केसीआर ने गजवेल के अलावा कामारेड्डी से भी पर्चा दाखिल किया है।
हालांकि, दिग्गज नेता और भाजपा विधायक राजेंद्र एटाला भी यह बात जानते हैं। इसलिए वे गजवेल के अलावा हुजुराबाद सीट से भी चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में गजवेल के साथ-साथ हुजुराबाद विधानसभा सीट पर मुकाबला देखने वाला होगा।
कैसा रहा है राजेंद्र एटाला का सियासी सफर?
राजेंद्र एटाला की पहचान एक वामपंथी विचारधारा वाले छात्र नेता के रूप में रही है। 2003 में वे बीआरएस में शामिल हुए थे। 2004 से 2010 तक कमलापुर विधानसभा क्षेत्र और 2010 से आंध्र प्रदेश विधानसभा और तेलंगाना विधानसभा में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) पार्टी से हुजूराबाद विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। 2021 में, वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए और उपचुनाव में फिर से विधायक चुने गए।
2014 में रहे थे वित्त मंत्री
2014 में केसीआर सरकार में वह तेलंगाना सरकार में वित्तमंत्री भी रहे चुके हैं। वहीं 2019 में उन्होंने तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री के रूप में शपथ ली थी। हालांकि, 2021 में उन्हें भूमि अतिक्रमण के आरोपों का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें मंत्रिपद से हटा दिया गया। इसके बाद उन्होंने बीआरएस से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल हो गए।
