इलेक्शन

400 रुपये में मिलेगा गैस सिलेंडर, बीआरएस ने घोषणा पत्र में किया ये 5 वादा

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 15, 2023, 06:06 PM IST

Telangana Assembly Election 2023 : तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बीआरएस ने घोषणापत्र जारी कर दिया है। सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने 400 रुपये में गैस सिलेंडर देने और सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाने का वादा किया है। आपको मेनिफेस्टो के मुख्य 5 वादों के बारे में बताते हैं।

Image

बीआरएस ने 400 रुपये में गैस सिलेंडर देने का किया वादा।

Telangana Chunav: तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जारी घोषणापत्र में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि में वृद्धि, 'रायतू बंधु' निवेश सहायता योजना के तहत किसानों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता बढ़ाने और 400 रुपये में एलपीजी सिलेंडर प्रदान करने समेत कुछ वादे किए हैं।

93 लाख परिवारों को पांच लाख रुपये का जीवन बीमा

बीआरएस प्रमुख और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि राज्य में गरीबी रेखा (बीपीएल) से नीचे रहने वाले सभी 93 लाख परिवारों को पांच लाख रुपये का जीवन बीमा कवर प्रदान किया जाएगा और प्रीमियम का खर्च सरकार वहन करेगी।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन 5,000 रुपये प्रति माह की जाएगी

‘केसीआर’ के नाम से मशहूर राव ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन अगले पांच वर्षों में धीरे-धीरे बढ़ाकर 5,000 रुपये प्रति माह कर दी जाएगी, जो फिलहाल 2,016 रुपये है। घोषणापत्र के अनुसार बीआरएस के सत्ता में लौटने के बाद पहले वर्ष में इसे बढ़ाकर 3,016 रुपये किया जाएगा, और फिर अगले चार वर्षों में 5,000 रुपये कर दिया जाएगा।

दिव्यांगों और 'रायतू बंधु' के लिए घोषणापत्र में वादा

घोषणापत्र में कहा गया है कि इसी तरह, दिव्यांग व्यक्तियों की पेंशन आने वाले पांच वर्षों में मौजूदा 4,016 रुपये से बढ़ाकर 6,016 रुपये कर दी जाएगी। घोषणापत्र में कहा गया है कि 'रायतू बंधु' योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष प्रति एकड़ 10,000 रुपये मिलते हैं, जिसे अगले पांच वर्षों में धीरे-धीरे बढ़ाकर 16,000 रुपये प्रति वर्ष कर दिया जाएगा।

400 रुपये में गैस सिलेंडर देने का किया वादा

घोषणा पत्र में कहा गया है, 'सत्ता में आने के बाद बीआरएस ‘पात्र लाभार्थियों’ को 400 रुपये में गैस सिलेंडर देगी और शेष राशि राज्य सरकार वहन करेगी।' यानी केसीआर ने ये वादा किया है कि अगर उनकी सरकार की सत्ता में वापसी होती है तो वो 400 रुपये में सिलेंडर देगी।

स्वास्थ्य बीमा कवर को 15 लाख रुपये करने का वादा

बीआरएस के घोषणापत्र में ‘आरोग्य श्री’ स्वास्थ्य योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा कवर बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने का भी वादा किया गया है, जो फिलहाल पांच लाख रुपये है। राव ने कहा कि बीआरएस द्वारा घोषित वादे सरकार बनने के छह से सात महीने में लागू किए जाएंगे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article