Telangana KTR Sircilla Election 2023 Profile: तेलंगाना की राजनीति में केटीआर आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उनका पूरा नाम कल्वाकुंतला तारक राम राव है। उनका जन्म 24 जुलाई 1976 को हुआ था। वह सूबे के जाने-माने नेता हैं, जो कि नगरपालिका प्रशासन और शहरी विकास मंत्री के रूप में फिलहाल कार्यरत हैं। उनके पास इसके अलावा उद्योग और वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार आदि मंत्रालय का भी जिम्मा है।
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटीआर तेलंगाना के मौजूदा सीएम और तेलंगाना राष्ट्र समिति (अब भारत राष्ट्र समिति) के संस्थापक के.चंद्रशेखर राव के पुत्र हैं। उन्होंने स्कूली शिक्षा सेंट जॉर्ज ग्रामर स्कूल, एबिड्स रोड से पूरी की। उन्होंने इसके अलावा गुंटूर के वडलामुडी में विग्नान जूनियर कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की और फिर हैदराबाद में उस्मानिया विश्वविद्यालय के निज़ाम कॉलेज से माइक्रोबायोलॉजी, रसायन विज्ञान और वनस्पति विज्ञान में बीएससी के साथ स्नातक की उपाधि हासिल की।
1998-99 के दौरान राव ने एक आईटी पेशेवर के रूप में अपना कार्यकाल शुरू किया। उन्होंने तब मैडिसन एवेन्यू, न्यूयॉर्क, यूएसए में शिपिंग और महासागर लॉजिस्टिक्स फर्म INTTRA Inc में इंटर्नशिप की थी। राव का सियासी करियर 2009 में शुरू हुआ था, जब उन्होंने सिरसिला विधानसभा क्षेत्र से आंध्र प्रदेश (तब) विधान सभा चुनाव लड़ा था। उन्होंने स्वतंत्र उम्मीदवार के.के. महेंदर रेड्डी को हराकर 171 वोटों के करीबी अंतर से जीत हासिल की।
आगे राव और टीआरएस के 10 अन्य सदस्यों ने अलग तेलंगाना राज्य के समर्थन में विधान सभा से इस्तीफा दे दिया। जुलाई 2010 में, आंध्र प्रदेश के उच्च न्यायालय ने भारत के चुनाव आयोग को तेलंगाना क्षेत्र के अन्य शहरों के अलावा सिरसिला और वेमुलावाड़ा में उपचुनाव कराने का आदेश दिया। राव ने फिर से सिरसिला से चुनाव लड़ा और इस बार 68,219 वोटों के अंतर से के.के. महेंद्र रेड्डी (अब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) के साथ) को हराया।
साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव के उनके हलफनामे के हवाले से myneta.info ने बताया कि उनके खिलाफ 17 केस दर्ज हैं, जबकि उनके नाम 41 करोड़ 82 लाख 94 हजार 428 रुपए की संपत्ति है।
