इलेक्शन

तेलंगाना चुनाव: ओवैसी का ऐलान, नौ सीटों पर चुनाव लड़ेगी AIMIM, कांग्रेस ने अजहरुद्दीन को दिया टिकट

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 8, 2023, 03:10 PM IST

ओवैसी ने कहा कि उन्होंने पहले ही लोगों से अपील की है कि वे जहां भी एआईएमआईएम उम्मीदवार चुनाव लड़ें, उन्हें वोट दें और बाकी सीटों पर बीआरएस को वोट दें।

Image

असदुद्दीन ओवैसी

Photo : ANI

Telangana Election 2023: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) तेलंगाना चुनाव में ताल ठोकने जा रही है। पार्टी अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए नौ निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारेगी। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि निवर्तमान विधानसभा में जिन सात सीटों का उनकी पार्टी अभी प्रतिनिधित्व करती है, उनके अलावा एआईएमआईएम राजेंद्रनगर और जुबली हिल्स सीट पर भी उम्मीदवार उतारेगी।

पूर्व क्रिकेटर अजहरुद्दीन जुबली हिल्स से उम्मीदवार

कांग्रेस ने पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन को जुबली हिल्स सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। ओवैसी के छोटे भाई और विधायक अकबरुद्दीन चंद्रायनगुट्टा सीट से चुनाव लड़ेंगे। हैदराबाद के सांसद ने कहा कि उन्होंने पहले ही लोगों से अपील की है कि वे जहां भी एआईएमआईएम उम्मीदवार चुनाव लड़ें, उन्हें वोट दें और बाकी सीटों पर बीआरएस को वोट दें।

विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी वाईएसआर तेलंगाना पार्टी

वहीं, वाईएसआर तेलंगाना पार्टी (YSRTP) राज्य में 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेगी और वह विपक्षी दल कांग्रेस का समर्थन करेगी। वाईएसआरटीपी की अध्यक्ष वाई. एस. शर्मिला ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वाई. एस. राजशेखर रेड्डी की बेटी शर्मिला ने मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के भ्रष्ट एवं जन विरोधी शासन के खात्मे के लिए कांग्रेस को समर्थन देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि जब राज्य में सत्ता परिवर्तन की संभावना है, तो वह सरकार विरोधी वोट को बांटकर बाधा नहीं बनना चाहती हैं। (Bhasha)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article