Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमास युद्ध के बीच गाजा पर इजराइली हमलों का समर्थन करते हुए कहा कि इजराइल तालिबानी मानसिकता को कुचल रहा है। चुनावी राज्य राजस्थान में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने इजराइल-हमास युद्ध का जिक्र किया और कहा कि तालिबान का उपचार तो बजरंगबली की गदा ही है। उन्होंने कहा, देख रहे हैं ना इस समय गाजा में इजराइल तालिबानी मानसिकता को कैसे कुचलने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा, सटीक तारिके से बिल्कुल सटीक निशाना मार मार कर कुचल रहा है।
सीएम योगी का कांग्रेस पर निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि वह देश में समस्या का पर्याय बन चुकी है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि तालिबानी सोच का इलाज बजरंगबली की गदा ही है। आदित्यनाथ ने राजस्थान में कानून-व्यवस्था को लेकर भी राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। वह तिजारा में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी व सांसद बाबा बालकनाथ द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।
आदित्यनाथ ने आरोप लगाया, राजस्थान की गौरवशाली परंपरा को कांग्रेस अपनी प्रकृति के अनुरूप कलंकित करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। मुझे आश्चर्य होता है कि कांग्रेस देश के अंदर समस्या का नाम बन चुकी है। कांग्रेस देश की हर समस्या का नाम है। उन्होंने कहा कि देश जिन समस्याओं का समाधान एक-एक कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज कर रहा है वे सभी समस्याएं कांग्रेस की देन हैं। आदित्यनाथ ने कहा, मुझे बताया गया है कि तिजारा में कांग्रेस का प्रत्याशी अपने बारे में बड़ी-बड़ी उपमाएं लगाता है। बता दें कि इस सीट से कांग्रेस ने इमरान खान को टिकट दिया है।
तालिबान का उपचार बजरंग बली की गदा है
आदित्यनाथ ने कहा, तालिबान का उपचार तो बजरंग बली की गदा ही है। देख रहे हैं न इस समय गाजा में इजराइल, तालिबानी मानसिकता को कैसे कुचलने का काम कर रहा है? उन्होंने कहा कि अराजकता, आतंकवाद व गुंडागर्दी सभ्य समाज के लिए सबसे बड़ा कलंक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी व गृहमंत्री अमित शाह ने आतंकवाद के ताबूत में अंतिम कील ठोक दी है।
आदित्यनाथ ने कहा कि समस्या का समाधान करने का नाम ही डबल इंजन की सरकार है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार है वहां सुरक्षा, समृद्धि और विकास है और वहां बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ समाज के हर तबके को उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।
गहलोत पर लगाया तुष्टिकरण का आरोप
आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए कहा, यह तुष्टिकरण का खेल कब तक चलेगा? और मैं पूछना चाहता हूं एक तरफ आप गौ तस्करों को महिमा मंडित करते हैं और दूसरी तरफ पूज्य संतों के आश्रम पर बुलडोजर चलाते हैं। ये कैसे स्वीकार किया जा सकता है? यहां पर संतों की हत्या होती है, गो-तस्करी व गोकशी होती है। मां बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। व्यापारी की संपत्ति पर कोई भी गुंडा आकर कब्जा कर लेता है। बाबा बालकनाथ ने तिजारा विधानसभा क्षेत्र से बुधवार को नामांकन दाखिल कर दिया। (Bhasha Input)
