इलेक्शन

लोकसभा चुनाव से पहले स्वामी प्रसाद मौर्य ने किया नई पार्टी का ऐलान, INDIA गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेंगे चुनाव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 22, 2024, 06:25 PM IST

Swami Prasad Maurya New Party: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एक कार्यक्रम के दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपने नए राजनीतिक दल राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी की घोषणा की। उन्होंने कहा, हमारी पार्टी बीजेपी को हराने के लिए इंडिया गठबंधन को मजबूत करने का काम करेगी।

Image

स्वामी प्रसाद मौर्य ने नई पार्टी की घोषणा की

Photo : BCCL

Swami Prasad Maurya New Party: स्वामी प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को अपनी नई पार्टी का ऐलान कर दिया है। उन्होंने नई दिल्ली में राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी लॉन्च की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम बीजेपी को देश से हटाने के लिए इंडिया गठबंधन को मजबूत करेंगे। उन्होंने बताया कि हम इंडिया गठबंधन के नेताओं से बात करके यह सुनिश्चित करेंगे कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा की हार हो। बीजेपी को हराने के लिए मैं सभी बलिदान देने के लिए तैयार हूं।

इस दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, जिस तरीके से देश में अराजकता है, देश बेचा जा रहा है, लोकतंत्र की हत्या हो रही है। करोड़ों नौजवानों को बेरोजगार बनाकर रोटी के मोहताज किया जा रहा है। महंगाई कमर तोड़ रही है, किसानों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। इनको देखते हुए भाजपा सरकार देशहित में हटाना जरूरी हो गया है। यह काम इंडिया गठबंधन ही कर सकती है। हम राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के माध्यम से यह आश्वस्त करना चाहते हैं कि हम इंडिया गठबंधन को मजबूत करेंगे।

सीट शेयरिंग पर जल्द होगी बात

मौर्य ने इस दौरान कहा कि राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी का मुझे राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया है। इसलिए हमारी पार्टी कितनी सीटोंं पर चुनाव लड़ेगी, यह पदाधिकारियोंं के साथ बैठक में तय कर लिया जाएगा। इसके बाद हम इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ मिलकर बात करेंगे। उन्होंने सीट शेयरिंग हमारा उद्देश्य नहीं है। हमारा उद्देश्य भाजपा को हराना है। वहीं, अपनी बेटी व भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा, हमारे घर का कोई भी सदस्य भाजपा के टिकट से चुनाव लड़ेगा तो उसे भी हार का मुंह देखना पड़ेगा। इसके बाद से माना जा रहा है कि संघमित्रा मौर्या राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के टिकट और सिंबल पर चुनाव लड़ सकती हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article