इलेक्शन

Maharashtra: शिवसेना का प्रचार अभियान हुआ तेज, महाविजय संवाद अभियान का ऐलान

Maharashtra Chunav: महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। युवा सेना, महिला मोर्चा, सोशल सैनिक घर-घर सरकारी काम को पहुंचाएंगे। सांसद श्रीकांत शिंदे ने इसकी जानकारी दी कि हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी संगठन को मजबूत किया जाएगा।

Image

एकनाथ शिंदे।

Shiv Sena Plan for Election: महायुति सरकार द्वारा किए कामों को जनता तक पहुंचाने के लिए शिवसेना ने आज 'महाविजय संवाद' नामक राज्यव्यापी यात्रा की घोषणा की। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह अभियान शुक्रवार 27 सितंबर 2024 से तीन विभागों युवा सेना, महिला अघाड़ी और शिवसेना सोशल मीडिया द्वारा पूरे राज्य में चलाया जाएगा, ऐसी जानकारी शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने दी। वह बाळासाहेब भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे।

शिवसेना का महाविजय संवाद अभियान शुरू

सांसद डॉ. शिंदे ने कहा कि पिछले ढाई साल में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में सरकार ने जो काम किया है, उसे हर मतदाता तक पहुंचाने का पार्टी का प्रयास है। इसके लिए पार्टी ने 'महाविजय संवाद' नाम से एक और जनसंपर्क अभियान तैयार किया है। इसके तहत एक नेता और एक उपनेता को हर दिन एक विधानसभा क्षेत्र का दौरा करना होगा। उन निर्वाचन क्षेत्रों में से पांच क्षेत्रों में जाकर लोगों से मुलाकात करना, सम्मेलन आयोजित करना, ऐसे इस अभियान का स्वरुप है। डॉ. शिंदे ने कहा कि शुक्रवार से महाविजय संवाद अभियान शुरू होगा और पहला चरण पांच दिनों का होगा।

इस गांव से शुरू होगा युवा सेना का अभियान

युवा सेना के कार्यकारी अध्यक्ष पूर्वेश सरनाईक के नेतृत्व में कल से भिवंडी गांव से युवा सेना का अभियान शुरू होगा। प्रतिदिन 6 विधानसभाओं का दौरा कर के शाखाओं की समीक्षा और सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। पूर्वेश सरनाईक ने बताया कि 13 अक्टूबर से मराठवाड़ा, पश्चिमी महाराष्ट्र और कोंकण में युवा सेना का दौरा होगा।

शिवसेना नेता मीनाताई कांबली ने कहा कि महिला अघाड़ी इस बात की समीक्षा करेगी कि मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना, लेक लाडकी योजना, लड़कियों के लिए मुफ्त शिक्षा अंतिम तत्व तक पहुंची है या नहीं। शिवसेना लाडकी बहीण संपर्क अभियान कोंकण से विदर्भ तक 18 विधानसभाओं में एक ही दिन शुरू किया जाएगा और इसका नेतृत्व मीनाताई कांबली करेंगी। शिवसेना युवा सेना के महासचिव और शिवसेना सोशल मीडिया राज्य प्रमुख राहुल कनाल कल से शिवसेना सोशल सैनिकों द्वारा नाशिक, नंदुरबार, धुळे, शिरडी, नगर का दौरा शुरू करेंगे।

कुल 50 विधानसभाओं की हुई है समीक्षा

सांसद डॉ शिंदे ने कहा कि जनसंवाद यात्रा के माध्यम से उत्तर महाराष्ट्र, पश्चिम महाराष्ट्र और मुंबई की 50 विधानसभाओं की समीक्षा की गई है और जनसंवाद यात्रा का अगला चरण जल्द ही शुरू होगा। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष को बताना चाहिए कि ढाई साल सत्ता में रह कर उन्होंने मुंबई में क्या काम किया है। इस मौके पर सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने उबाठा की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि वे ढाई साल तक खुद घर में बैठे रहे और दूसरों को भी घर बैठा दिया। सांसद डॉ. शिंदे ने जोर देकर कहा कि जिन लोगों ने कोविड काल में बॉडीबैग, कोविड सेंटर और खिचड़ी जैसे घोटाले किए, उन्हें सरकार पर आरोप लगाने का कोई अधिकार नहीं है।

डॉ. शिंदे ने आगे कहा कि हम विकासात्मक काम करते हैं, सिर्फ आरोप नहीं लगाते। उन्होंने कार शेड का काम रुकवा दिया था, हमने मेट्रो कार शेड के विषय को वापस सही पटरी पर लाया। मेट्रो 3 लाइन जल्द शुरू होगी। कोस्टल रोड के काम को गति दी। एमटीएचएल शुरू किया। हमारी सरकार ने मुंबई को गड्ढा मुक्त बनाने का काम किया। सांसद डॉ. शिंदे ने बताया कि उन्होंने सिर्फ रस्ते पर डामर डाला और पैसा खा गए। मुंबई में बुधवार शाम को कुछ ही देर में भारी बारिश हुई। इसी दौरान एक महिला की दुखद मौत की घटना घटी। इस बारे में सांसद डॉ. शिंदे ने कहा कि मुंबई महानगरपालिका ने जांच के आदेश दिए हैं।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article