Madhya Pradesh Assembly Election 2023: INDI अलायंस के बीच सीट का बंटवारा आसान नहीं रहने वाला है, इसके संकेत मध्य प्रदेश से मिलने लगे हैं। रिपोर्टों की मानें तो मध्य प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सहमति नहीं बन पाई है। सूत्रों का कहना है कि दोनों पार्टियां किसी सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर पहुंचने में नाकाम रही हैं। दोनों पक्षों की ओर से उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई है। राज्य में कम से कम विधानसभा की पांच ऐसी सीटें हैं जिन पर पेंच फंसा हुआ है। अब देखना यह होगा कि सीट शेयरिंग पर तकरार का असर क्या उत्तर प्रदेश में 2024 के लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारे पर भी पड़ेगा?
पांच सीटों पर कांग्रेस-सपा दोनों ने उतारे उम्मीदवार
दरअसल, कांग्रेस ने रविवार को एमपी के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इस सूची में 144 प्रत्याशियों के नाम हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस की इस सूची से सपा नेता एवं कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। पार्टी कैडर की नाराजगी को देखते हुए सपा नेतृत्व ने लखनऊ में सपा मुख्यालय पर एमपी के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई। बताया जाता है कि इस बैठक में सीटों को लेकर लंबी चर्चा हुई। इसके बाद सपा ने नौ सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने का फैसला किया। खास बात यह है कि इनमें से कम से कम पांच सीटें ऐसी हैं जिन पर कांग्रेस पहले ही अपना उम्मीदवार उतार चुकी है।
कांग्रेस और सपा के बीच तालमेल का अभाव
रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि सीट बंटवारे पर कांग्रेस और सपा के बीच तालमेल का अभाव है और इसकी वजह से सीटों को लेकर गतिरोध पैदा हुआ है। सपा के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि पार्टी नेतृत्व ने एमपी विधानसभा का चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है।
सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही सपा
सपा ने 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को नौ उम्मीदवारों की सूची घोषित की। सपा नेता यश भारतीय ने कहा कि सूची में छह उम्मीदवारों के नाम पहले घोषित किए गए थे जबकि तीन नए नाम इसमें जोड़े गए हैं। भारतीय ने कहा, ‘नौ उम्मीदवारों में पूर्व विधायक मीरा दीपक यादव भी शामिल हैं, जिन्हें निवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा गया है।’ उन्होंने कहा, 'अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली पार्टी फिलहाल मप्र में सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही है।’
इन सीटों पर सपा ने उतारे उम्मीदवार
निवाड़ी के अलावा राजनगर, भांडेर, धौहनी, चितरंगी, सिरमौर, बिजावर, कटंगी और सीधी विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। 2018 के मप्र विधानसभा चुनाव में सपा ने एक सीट- छतरपुर जिले की बिजावर पर जीत दर्ज की थी। पिछले चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बावजूद कांग्रेस बहुमत से पीछे रह गई, तो बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के दो विधायकों, एक सपा विधायक और चार निर्दलीय विधायकों ने कमलनाथ के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार को बाहर से समर्थन दिया था।
