इलेक्शन

हरियाणा-जम्मू कश्मीर में नई सियासी जमीन तलाशेगी सपा, कई सीटों पर उतार सकती है प्रत्याशी

समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में 37 सीटें जीतकर राष्ट्रीय फलक पर अपनी पहचान बनाई है। लोकसभा के भीतर संख्या बल के हिसाब से वह देश की तीसरे नंबर की बड़ी पार्टी है। सपा को अखिलेश यादव अब राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।

Image

जम्मू कश्मीर और हरियाणा में चुनाव लड़ सकती है समाजवादी पार्टी।

Photo : Twitter

Samajwadi Party News: लोकसभा चुनाव में मिली सफलता के बाद अब समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय फलक पर विस्तार के प्रयास में जुटी है। इसके लिए उसने उत्तर प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेने की ठानी है। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में होने वाले चुनावों में उम्मीदवार उतारकर वह दोनों राज्यों में अपनी जमीन तलाशने में जुट गई है।

राजनीतिक जानकार बताते हैं कि समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में 37 सीटें जीतकर राष्ट्रीय फलक पर अपनी पहचान बनाई है। लोकसभा के भीतर संख्या बल के हिसाब से वह देश की तीसरे नंबर की बड़ी पार्टी है। सपा को अखिलेश यादव अब राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसी कारण अभी हाल में जहां भी चुनाव होंगे वह अपने उम्मीदवार जरूर उतारने का प्रयास करेगी। फिलहाल जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में चुनाव लड़ने की तैयारी है।

अखिलेश ने इन्हें सौंपी जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी

सपा प्रमुख ने अभी 24 अगस्त को जियालाल वर्मा को जम्मू-कश्मीर का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। हालांकि वर्मा पुराने बसपाई हैं। वह 2004 में लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं और जम्मू कश्मीर में लगातार सक्रिय हैं। जियालाल वर्मा ने बताया कि अब तक विधानसभा चुनाव के लिए 10 आवेदन आ चुके हैं। दो चरण के चुनाव में ही भाग ले सकते हैं। हम आखिरी दो चरणों में होने वाले चुनाव की तैयारी में जुटे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष से बात करके मंथन किया जाएगा इसके बाद उम्मीदवार घोषित होंगे। उन्होंने बताया कि इंडिया गठबंधन से पार्टी का राष्ट्रीय स्तर पर समझौता है। लेकिन प्रदेश स्तर पर अभी चर्चा चल रही है। उन्होंने बताया कि हमारी कमेटी घोषित होनी है। यहां पर सपा के पुराने कार्यकर्ता बहुत पहले से हैं। चुनाव जरूर लड़ेंगे। लेकिन, अभी सीटें तय नहीं हैं।

मुस्लिम बहुल सीटों पर नजर

सियासी जानकारों का कहना है कि सपा की कांग्रेस से भले इस मुद्दे पर कोई बात न हुई हो, लेकिन उसकी नजर जम्मू-कश्मीर की मुस्लिम बहुल सीटों पर है। कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ रही है। ऐसे में सपा को केंद्रशासित प्रदेश में गठबंधन में कोई सीट मिलने की संभावना कम है। लेकिन सपा इसके बावजूद चुनाव में ताल जरूर ठोकेगी।

हरियाणा में कांग्रेस से हो सकता है गठबंधन

उधर, हरियाणा में भी समाजवादी पार्टी पांच सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। लेकिन वह वहां पर कांग्रेस से गठबंधन चाह रही है। राष्ट्रीय स्तर पर बात भी चल रही है। क्योंकि वहां की सीटें ही कांग्रेस के यूपी उपचुनाव का भविष्य तय करेंगी। सपा के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र भाटी का कहना है कि गठबंधन में सपा ने पांच-छह सीटों की मांग की है। उन्होंने कहा, अभी हमारी बात चल रही है। अगर गठबंधन नहीं होता तो हम कम से कम 25-30 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। सपा नेता ने कहा कि हालांकि भूपेंद्र हुड्डा ने गठबंधन के लिए मना किया है, फिर भी केंद्रीय नेतृत्व से बातचीत हो रही है। एक-दो दिन में फाइनल हो जायेगा। हमने राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपनी 10 -11सीटों पर चुनाव लड़ने की सूची दी है। भाटी ने बताया कि पार्टी का संगठन हरियाणा में काफी मजबूत है। हर जिले में कमेटी भी है। कार्यकर्ता भी सक्रिय हैं। चुनाव लड़ने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article