इलेक्शन

अशोक गहलोत का पीएम पर पलटवार, कहा- मोदी से ऐसी भाषा की उम्मीद नहीं थी, जनता कांग्रेस के साथ

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 10, 2023, 06:38 PM IST

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को उदयपुर के पास एक चुनावी सभा में कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर हमला बोलते हुए राज्य की कांग्रेस सरकार को आतंकियों से सहानुभूति रखने वाली सरकार बताया था।

Image

अशोक गहलोत

Photo : BCCL

Rajasthan Elections 2023: प्रधानमंत्री मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री से इस तरह की भाषा की उम्मीद नहीं थी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा नेता ऐसी बातों को मुद्दा बना रहे हैं जो मुद्दा ही नहीं है। गहलोत ने कहा कि इन विधानसभा चुनाव में राज्‍य की जनता कांग्रेस के साथ है और वह फिर सरकार बनाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को उदयपुर के पास एक चुनावी सभा में कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर हमला बोलते हुए राज्य की कांग्रेस सरकार को आतंकियों से सहानुभूति रखने वाली सरकार बताया था।

गहलोत बोले, पीएम की भाषा स्वीकार्य नहीं

गहलोत ने से कहा, जो प्रधानमंत्री जी ने कहा है वह अस्वीकार्य है। और मैं नम्र निवेदन करना चाहूंगा प्रधानमंत्री जी से कि कृपा करके इस प्रकार का माहौल नहीं बनाएं देश के लिए, देश के हित में नहीं है, समाज के हित में नहीं है। गहलोत ने आगे कहा, हमारी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी तो है नहीं। यह विचारधारा की लड़ाई हमारी। यह लड़ाई विचारधारा तक सीमित रहनी चाहिए। प्रोग्राम, पॉलिसी की बात करें, इश्यू की बात करें. नॉन इश्यू को इश्यू बना रहे हैं। आप इस प्रकार से धर्म के नाम पर लोगों को भड़का रहे हैं।

उन्होंने कहा, जिस भाषा में उन्होंने कहा है मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से ये उम्मीद नहीं करता था। इसलिए मैंने कहा कि या तो उन्हें ग़लत ब्रीफिंग की गई है यह वे जानबूझकर घबरा गए हैं बौखला गए हैं जानबूझ ये जुमला बोला है मेरा यह मानना है। गहलोत ने कहा कि राजस्थान में इस समय माहौल कांग्रेस के पक्ष में है और उसकी शानदार योजनाओं व कार्यक्रमों की चर्चा पूरे देश में है।

कहा- भाजपा के पास कोई चुनावी मुद्दा नहीं है

मुख्यमंत्री ने बाद में पाली के बाली में चुनावी सभा में भी दोहराया कि भाजपा के पास कोई चुनावी मुद्दा नहीं है और जनता कांग्रेस के साथ है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी। गहलोत ने कहा कि पांच वर्षों में सबको साथ लेकर चलते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास में कोई कमी नहीं रखी है। राजस्थान के प्रत्येक परिवार और व्यक्ति के कांग्रेस के प्रति विश्वास और जनभावना के अनुसार विभिन्न जनहितैषी योजनाएं लागू की है।

उन्होंने कहा कि अब एक बार फिर राजस्थान में कांग्रेस पार्टी आप सभी के सहयोग से सरकार बनाएगी। उन्होंने लोगों से कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। राज्य की सभी 200 सीटों के लिए एक चरण में मतदान 25 नवंबर को होगा तथा तीन दिसंबर को मतगणना की जाएगी। (Bhasha)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article