इलेक्शन

उदयपुर में बोले पीएम मोदी- आतंकियों के साथ सहानुभूति रखती है कांग्रेस सरकार, उठाया हिंदुओं के पलायन का मुद्दा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 9, 2023, 11:31 PM IST

Rajasthan Election: पीएम मोदी ने कहा, मेवाड़ की माटी भारत माता के मस्तक पर तिलक की तरह है लेकिन इस धरती को जब-जब कांग्रेस की नजर लगी है, तब-तब इसके स्वाभिमान को चोट पहुंची है।

Image

उदयपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Rajasthan Election: राजस्थान के चुनावी रण में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे। पीएम ने संबोधन की शुरुआत में कहा कि उदयपुर की जनसभा में जनसैलाब को देखकर ऐसा लग रहा है कि लोगों ने राजस्थान में कमल खिलाने का मन बना लिया है। आशीर्वाद देने आई जनता-जनार्दन का अभिनंदन। उदयपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान की विरास, संस्कृति और इतिहास की गाथा मेवाड़ के बिना पूरी नहीं हो सकती। मेवाड़ की माटी भारत माता के मस्तक पर तिलक की तरह है लेकिन इस धरती को जब-जब कांग्रेस की नजर लगी है, तब-तब इसके स्वाभिमान को चोट पहुंची है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार की तुष्टिकरण की नीति ने राजस्थान की संस्कृति, राजस्थान की विरासत, राजस्थान के गौरव को खतरे में डाल दिया है। जैसे हालात राजस्थान में पहले कभी नहीं बने, वो पिछले पांच साल में हमने देखे हैं। किसने सोचा था कि राजस्थान में कभी रामनवमी की शोभायात्रा और कांवड़ यात्रा पर भी प्रतिबंध लग सकता है। लेकिन ये पाप कांग्रेस सरकार ने किया।

कांग्रेस की सरकार में राजस्थान के लोगों के साथ मानवता को शर्मसार करने वाली वारदातें हो रही हैं। उदयपुर में कन्हैयालाल जी के साथ आतंकी घटना कांग्रेस सरकार पर बहुत बड़ा दाग है। ऐसी जघन्य वारदात उदयपुर में इसलिए हुई क्योंकि यहां आतंकियों के साथ सहानुभूति रखने वाली कांग्रेस की सरकार है। आज यहां कांग्रेस सरकार है, इसलिए PFI जैसे आतंकी संगठन बेखौफ होकर रैलियां निकालते हैं। आतंकियों की हमदर्द कांग्रेस सरकार राजस्थान को तबाह करके मानेगी।

पीएम मोदी ने उठाया हिंदुओं के पलायन का मुद्दा

पीएम मोदी ने आगे कहा कि राजस्थान के कितने ही क्षेत्रों में अब हिंदुओं के पलायन की खबरें आने लगी हैं। राजस्थान में कांग्रेस सरकार रही, तो ये और भी बढ़ेगा। इसलिए अब राजस्थान को देर नहीं करनी है। 25 नवंबर को पूरे उदयपुर को, पूरे राजस्थान को इस संकल्प के साथ वोट डालने निकलना है कि कांग्रेस सरकार को अब हटाकर ही रहेंगे।

बहन बेटियों की सुरक्षा की बात

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार, महिलाओं के खिलाफ अपराध को काबू कर पाने में पूरी तरह नकारा साबित हुई है। कानून-व्यवस्था के सवाल पर कांग्रेस के मंत्री मजाक उड़ाते हुए कहते हैं कि ये मर्दों का प्रदेश है। आपने न सिर्फ राजस्थान की औरतों का, बल्कि राजस्थान के पुरुषों का भी अपमान किया है। कांग्रेस की यही असली सोच है। वहीं, भाजपा, राजस्थान की हर बेटी-बहू को ये विश्वास दिलाती है कि उसे सम्मान से जीने और सुरक्षित माहौल में घर से निडर होकर निकलने का अवसर मिलेगा, और ये मोदी की गारंटी है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article