इलेक्शन

राजस्थान का वो गांव जहां पहली बार बना मतदान केंद्र, 18 किमी पैदल चलकर वोट देने जाते थे लोग

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 13, 2023, 08:00 AM IST

Rajasthan Chunav: राजस्थान विधानसभा चुनाव में आबू-पिंडवाड़ा सीट में एक ऐसा गांव हैं, जहां के मतदाता वोट देने के लिए 18 किलोमीटर पगडंडियों पर पैदल चलकर वोट देने जाते थे। शेरगांव के मतदाता पहली बार अपने ही गांव में मतदान कर पाएंगे। इस बार दुर्गम, दूरदराज और कम आबादी वाले इलाकों में भी मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

Image

शेरगांव के मतदाता पहली बार अपने ही गांव में कर पाएंगे मतदान।

Photo : PTI

Rajasthan Election News: आबू-पिंडवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के शेरगांव के मतदाता पहली बार अपने ही गांव में मतदान कर पाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि इस गांव के ग्रामीणों के मतदान के लिए चुनावकर्मी 18 किलोमीटर पैदल चलकर मतदान केंद्र तक पहुंचेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने कहा कि सुगम और समावेशी मतदान के लिए निर्वाचन विभाग ने दुर्गम, दूरदराज तथा कम आबादी वाले इलाकों में भी मतदान केंद्र बनाने की व्यवस्था की है। राज्य में दुर्गम पहाड़ी इलाकों से लेकर, बहुत कम आबादी वाले मरुस्थलीय क्षेत्र में भी मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।

117 मतदाताओं के लिए बनाया गया मतदान केंद्र

प्रवीण गुप्ता ने बताया कि सिरोही जिले के आबू-पिंडवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 4921 फुट की ऊंचाई पर स्थित शेरगांव के मतदाता इस वर्ष पहली बार अपने ही गांव में मतदान कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनावकर्मी वक कर्मियों की मदद से घने जंगल में करीब 18 किलोमीटर तक पगडंडियों पर पैदल चल कर इस मतदान केंद्र तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि यहां 117 मतदाताओं के लिए मतदान केंद्र बनाया गया है। पहले शेरगांव के मतदाताओं को वोट देने के लिए दूरदराज के एक और उतरज गांव में स्थित मतदान केंद्र तक जाना होता था। इस बार, उतरज गांव में 238 मतदाताओं के लिए मतदान केंद्र बनाया जाएगा।

जहां 50 मतदाताओं के लिए बनाया जा रहा मतदान केंद्र

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब स्थित बाड़मेर के पार गांव में महज 35 मतदाताओं के लिए मतदान केंद्र बनाया जा रहा है। बाड़मेर जिले के ही एक अन्य गांव मंझोली में 49 मतदाताओं के लिए पहली बार मतदान केंद्र बनाया जा रहा है। इस बार इस गांव के मतदाताओं को वोट देने के लिए पांच किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। इसी तरह कांटल का पार गांव में 50 मतदाताओं के लिए मतदान केंद्र बनाया जा रहा है।

25 नवंबर को वोटिंग, तीन दिसंबर को मतगणना

एक बयान के अनुसार, जैसलमेर के मेनाउ मतदान केंद्र पर केवल 50 मतदाता हैं। मतदान के दिन वहां टेंट में एक अस्थायी बूथ स्थापित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि धौलपुर जिले के बसेड़ी विधानसभा क्षेत्र में काली तीर मतदान केंद्र भी पहली बार बनाया जाएगा। डांग क्षेत्र में स्थित इस मतदान केंद्र पर 682 मतदाता हैं। पहले यहां के मतदाताओं को 7.5 किलोमीटर दूर स्थित मतदान केंद्र पर जाना होता था। राज्य की सभी 200 सीट के लिए एक चरण में मतदान 25 नवंबर को होगा तथा तीन दिसंबर को मतगणना की जाएगी।

(भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article