Ashok Gehlot News: राजस्थान में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के छापों पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विवादित बयान दिया है। गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि देश में कुत्तों से ज्यादा ईडी घूम रही है। वह हमारी सरकार को टारगेट कर रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि सीबीआई, आयकर विभाग और ईडी देश की प्रमुख जांच एजेंसियां हैं। बता दें कि ईडी ने गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के ठिकानों पर छापेमारी की। साथ ही सीएम के बेटे वैभव गहलोत को समन जारी किया।
छात्रों को टैबलेब, लैपटॉप देने का वादा
मुख्यमंत्री ने गोधन योजना के तहत दो रुपये प्रति किलोग्राम की दर से गोबर खरीदने की गारंटी की घोषणा की। साथ ही सरकारी कॉलेज में प्रवेश लेने वाले छात्रों को पहले वर्ष में एक टैबलेट या लैपटॉप देने का वादा किया। उन्होंने कहा आगे कहा कि कांग्रेस सत्ता में लौटी तो सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना का कानून पारित करेगी ताकि भविष्य में कोई भी सरकार ओपीएस को रोक न सके।
केवल विपक्ष के नेताओं के यहां पड़ रहे छापे
गहलोत ने कहा, 'देश में क्या हो रहा है? लोकतंत्र खतरे में है। संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। ईडी, आयकर विभाग और सीबीआई केंद्र सरकार के के इशारों पर काम कर रहे हैं। बीते 9 सालों से राजनीतिक हथियार के रूप में इनका इस्तेमाल हो रहा है। एजेंसियां केवल विपक्ष के नेताओं के यहां रेड डाल रही हैं।' गहलोत ने आगे कहा कि राजस्थान के कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार की नीतियों एवं उपलब्धियों की इतनी बखान की है कि ईडी उनके घर तक पहुंच गई है। डोटासरा को चुप कराने के लिए ईडी को उनके पास भेजा गया।
'इस तरह की कार्रवाइयों से घबराने वाले नहीं हैं'
सीएम ने गुरुवार को भी भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का इस्तेमाल टिड्डी दल की तरह किया जा रहा है जो अंतत: उसकी ही फसल चट होने का कारण बनेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस व इसके नेता इस तरह की कार्रवाइयों से घबराने वाले नहीं हैं। ईडी ने कथित परीक्षा पत्र लीक मामले में धनशोधन जांच के सिलसिले में बृहस्पतिवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और महुआ विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार ओमप्रकाश हुड़ला के परिसरों पर छापे मारे। इसके साथ ही एक अन्य मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को समन दिया गया है।
