इलेक्शन

Rajasthan Chunav: राजस्थान में बंपर 74.96% वोटिंग, बीजेपी-कांग्रेस ने किए अपनी-अपनी जीत के दावे

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Nov 26, 2023, 08:14 AM IST

Voting Percentage in Rajasthan Assembly Election 2023: राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवंबर को वोटिंग हुई। कितने प्रतिशत वोटिंग हुई। भारत निर्वाचन आयोग ने आंकड़े जारी कर दिए हैं।

Image

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में बंपर वोटिंग हुई

Photo : PTI

Voting Percentage in Rajasthan Assembly Election 2023: राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवंबर को मतदान संपन्न हो गया। कितने प्रतिशत वोटिंग हुई उसकी रिपोर्ट का इंतजार था। वह 26 नवंबर को चुनाव आयोग ने जारी कर दिया। भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक राजस्थान में 2023 के विधानसभा चुनाव में 74.13% मतदान दर्ज किया गया। पोस्टर बैलेट और घर डाले गए मतों का प्रतिशत 0.83% रहा। डायरेक्ट मतदान,पोस्टर बैलेट और घर डाले गए मतों मिला देने पर वोटिंग प्रतिशत 74.96% हुआ। पोल समाप्ति के बाद आज 17सी डेटा से आएगा। रिपोर्ट के मुताबिक सर्वाधिक वोटिंग पोकरण 87.79%, तिजारा 85.15% में हुई जबकि सबसे कम वोटिंग प्रतिशत मारवाड़ जंक्शन 61.10%, आहोर 61.19% रहा। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में राज्य में कुल मतदान प्रतिशत करीब 74.06 प्रतिशत रहा था।

सत्तारूढ़ कांग्रेस एवं मुख्य विपक्षी दल बीजेपी के नेताओं ने दिन में मीडिया से बातचीत में विश्वास जताया कि उनकी पार्टी को जनादेश मिलेगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर में कहा कि कांग्रेस के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है और पार्टी राज्य में फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि कोई अंडरकरंट है। ऐसा लगता है कि (कांग्रेस) सरकार दोबारा बनेगी। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने झालावाड़ में पत्रकारों से बातचीत में गहलोत के अंडरकरंट वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मैं उनसे सहमत हूं। वास्तव में एक अंडरकरंट है लेकिन यह बीजेपी के पक्ष में है। तीन दिसंबर को कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिलेगा। जोधपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भाजपा भारी बहुमत के साथ सत्ता में आ रही है। इस बार लोग कांग्रेस के पांच साल के शासन के दौरान महिलाओं के खिलाफ हुए अपराध, पेपर लीक और भ्रष्टाचार को ध्यान में रखकर वोट करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राजस्थान विधानसभा आम चुनाव- 2023 के लिए 199 विधानसभा क्षेत्रों के 51,890 मतदान केन्द्रों पर आमतौर पर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सम्पन्न हुआ। उनके अनुसार नव विवाहित जोड़ों, दिव्यांग, थर्ड जेंडर, आदिवासियों, वृद्धों और युवाओं सहित सभी मतदाताओं ने मतदान में उत्साहपूर्वक भागीदारी की। मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा गया। सीकर के श्रीमाधोपुर में एक नवविवाहित जोड़ा वोट डालने पहुंचा। कल उनकी शादी हुई थी। चित्तौड़गढ़ में बिस्तर पर पड़े एक मतदाता को स्ट्रेचर पर मतदान केंद्र तक लाया गया। राज्यभर में मतदान केंद्र पर ‘सेल्फी पॉइंट’ बनाए गए थे जहां लोगों-विशेषकर युवा मतदाताओं ने सेल्फी ली। राज्य में कुल 200 सीट हैं लेकिन गंगानगर जिले की करणपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के बाद वहां चुनाव स्थगित कर दिया गया है।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article