इलेक्शन

राहुल गांधी कांग्रेस को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, मेरी लड़ाई देश को बचाने की है, केजरीवाल का पलटवार

सीलमपुर इलाके में कांग्रेस की एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केजरीवाल पर हमला किया था, जिसके कुछ देर बाद ही दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह प्रतिक्रिया दी।

Image

अरविंद केजरीवाल का राहुल पर पलटवार

Photo : PTI

Kejriwal Hits Out At Rahul Gandhi: आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार किया है। केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी पार्टी को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि वह देश को बचाने के लिए लड़ रहे हैं। सीलमपुर इलाके में कांग्रेस की एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केजरीवाल पर हमला किया था, जिसके कुछ देर बाद ही दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह प्रतिक्रिया दी।

केजरीवाल ने राहुल पर गालियां देने का आरोप लगाया

केजरीवाल ने राहुल पर उन्हें गालियां देने का आरोप लगाया, लेकिन कहा कि वह उनके बयानों पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आगाज करते हुए प्रधानमंत्री मोदी और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा प्रहार किया और दावा किया कि आम आदमी पार्टी के संयोजक भी प्रधानमंत्री की तरह ही प्रचार-प्रसार तथा झूठे वादे करने की रणनीति पर अमल करते हैं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केजरीवाल दोनों चाहते हैं कि पिछड़े वर्ग, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यकों को भागीदारी नहीं मिले, इसलिए वे जाति जनगणना पर खामोश हैं। इंडिया गठबंधन के दोनों घटक दलों के बीच पिछले वर्ष हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव पूर्व गठबंधन नहीं हो सका था, जिसके बाद से आप और कांग्रेस के बीच संबंध खराब हो गए। दोनों दलों ने 2024 का लोकसभा चुनाव दिल्ली में गठबंधन में लड़ा था। हालांकि, अब दोनों ही पार्टियां पांच फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में अलग-अलग चुनाव लड़ रही हैं।

राहुल ने क्या-क्या कहा

राहुल दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, क्या केजरीवाल जी ने अदाणी बारे में कभी बोला? वह एक शब्द नहीं बोलते हैं। उन्होंने कहा कि देश की व्यवस्था में पिछड़े वर्गों की भागीदारी बहुत कम है, जबकि उनकी आबादी 50 प्रतिशत है। जब मैं जाति जनगणना की बात करता हूं तो नरेन्द्र मोदी जी और केजरीवाल जी के मुंह से एक शब्द नहीं निकलता। दोनों चाहते हैं कि पिछड़े वर्ग, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यकों को भागीदारी नहीं मिले।

उन्होंने दावा किया कि लंबे-लंबे भाषण करेंगे, मोदी जी भी करेंगे और केजरीवाल जी भी करेंगे। लेकिन जब भागीदारी देने की बात आएगी तो सिर्फ कांग्रेस (इसे पूरा) करेगी। उन्होंने आप के संयोजक को चुनौती देते हुए कहा कि केजरीवाल जी सार्वजनिक रूप से कहें कि वह आरक्षण की सीमा बढ़ाना चाहते हैं और जाति जनगणना करवाना चाहते हैं। दिल्ली में हमारी सरकार आएगी तो हम यहां (राष्ट्रीय राजधानी में) जाति जनगणना करवाएंगे। यह क्रांतिकारी काम होगा। देश में सरकार आएगी तो हम पूरे देश में (यह काम) करेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया, जैसे मोदी जी प्रचार करते हैं, झूठे वादे करते हैं, वैसी ही रणनीति केजरीवाल जी की है। (दोनों में) कोई फर्क नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली को पेरिस बनाने और भ्रष्टाचार खत्म करने वादा किया था, लेकिन (वह) विफल रहे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article