इलेक्शन

मिजोरम दौरे पर राहुल गांधी बोले-मणिपुर से ज्यादा प्रधानमंत्री मोदी को इजरायल की चिंता

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 16, 2023, 02:51 PM IST

Mizoram Assembly Election : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दो किलोमीटर की पदयात्रा के करने के बाद आइजोल में राजभवन के नजदीक एक रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पड़ोसी मणिपुर अब एक संगठित राज्य नहीं रह गया है, बल्कि जातीय आधार पर दो राज्यों में बंट गया है। उन्होंने भाजपा पर 'आइडिया ऑफ मणिपुर' को नष्ट करने का आरोप लगाया।

Image

आइजोल में रैली को संबोधित करते कांग्रेस सांसद राहुल गांधी।

Photo : ANI

Rahul Gandhi : मिजोरम में सोमवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। चुनावी सभा में राहुल ने मणिपुर हिंसा का मामला भी उठाया। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मणिपुर से ज्यादा इजरायल की घटनाओं से चिंतित हैं। राहुल अपने दो दिन के दौरे पर मिजोरम पहुंचे हैं। साथ ही उन्होंने भाजपा पर 'आइडिया ऑफ मणिपुर' को नष्ट करने का आरोप लगाया। मिजोरम विधानसभा के लिए चुनाव सात नवंबर को एक ही चरण में होंगे और मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

आइजोल में रैली को संबोधित किया

शहर की सड़कों पर दो किलोमीटर की पदयात्रा के बाद कांग्रेस नेता गांधी ने आइजोल में राजभवन के नजदीक एक रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पड़ोसी मणिपुर अब एक संगठित राज्य नहीं रह गया है, बल्कि जातीय आधार पर दो राज्यों में बंट गया है। मिजोरम की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे राहुल ने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस ने 1986 में शांति समझौते पर हस्ताक्षर करके विद्रोह प्रभावित पूर्वोत्तर राज्य में शांति स्थापित करने की पहल की थी।

भारत की अवधारणा पर हमला करने का आरोप

उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए यह आश्चर्य की बात है कि प्रधानमंत्री और भारत सरकार को इजराइल में जो (इजरायल-हमास संघर्ष) हो रहा है उसमें इतनी दिलचस्पी है, लेकिन मणिपुर में क्या हो रहा है उसकी कोई चिंता नहीं। मणिपुर में लोगों की हत्याएं की गईं, महिलाओं से छेड़छाड़ की गई और बच्चों को मार दिया गया। भारत की अवधारणा एक-दूसरे का सम्मान करने, सहिष्णु बनने, एक दूसरे के विचारों, धर्मों और भाषाओं से सीखने की है..... यही भारत की अवधारणा है जिस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हमला कर रही है।’

उन्होंने कहा, ‘वे (भाजपा) विभिन्न समुदायों, धर्मों और भाषाओं पर हमला करते हैं और वे देश में नफरत और हिंसा फैलाते हैं। वे अहंकार और एक दूसरे को नहीं समझने की प्रवृत्ति को फैला रहे हैं जो भारत की अवधारण के पूरी तरह से खिलाफ है।’

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article