Lok Sabha Chunav: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर जहां सभी सियासी पार्टियां अपनी एड़ी-चोटी का जोर लगा रही हैं, वहीं सत्ताधारी पार्टी भाजपा की ओर से कांग्रेस में गृहयुद्ध का दावा किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी का गढ़ कहे जाने वाली अमेठी और रायबरेली सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा पर लंबे समय तक सस्पेंस बना रहा, जिसके शुक्रवार को पार्टी ने चौंकाने वाला फैसला लिया और राहुल गांधी को अमेठी की जगह उनकी मां की सीट रायबरेली से मैदान में उतार दिया। जिसके बाद भाजपा एक के बाद एक नए आरोप लगा रही है।
आखिर कौन कर रहा प्रियंका और रॉबर्ट के साथ खेला?
प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा ने लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई, इसके बाद भी कांग्रेस ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया। इस मुद्दे को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा का कहना है कि राहुल गांधी खेमा कांग्रेस के अंदर प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा को हाशिए पर धकेल रहा है।
रॉबर्ट वाड्रा पर ध्यान नहीं दिया गया- BJP का आरोप
भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने शनिवार को इशारों-इशारों में गांधी परिवार के अंदर सब कुछ ठीक नहीं होने की बात कहते हुए अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर कहा, "अमेठी में अपार लोकप्रियता का दावा करने के बावजूद उस सीट के लिए रॉबर्ट वाड्रा पर ध्यान नहीं दिया गया। यह स्पष्ट है कि राहुल गांधी खेमा व्यवस्थित रूप से कांग्रेस में प्रियंका वाड्रा और उनके पति दोनों को हाशिये पर धकेल रहा है।"
बता दें कि कांग्रेस ने गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा को अमेठी से उम्मीदवार बनाया है, जबकि राहुल गांधी खुद इस बार रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।
