राहुल गांधी के साथ चुनाव प्रचार करेंगी प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी वाड्रा आगामी तीन नवंबर को सुबह 11 बजे यहां मनंथावाडी स्थित गांधी पार्क में अपने भाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ एक जनसभा को संबोधित करेंगी। उसी दिन वह तीन अन्य स्थानों पर अलग-अलग नुक्कड़ सभाएं भी करेंगी। पार्टी की ओर से जारी वक्तव्य के अनुसार राहुल अपनी बहन के साथ संयुक्त रैली के अलावा यहां आरीकोड में अलग से एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रियंका गांधी को मेहमान कहकर तंज कस रहे हैं विरोधी
पार्टी ने कहा कि प्रियंका चार नवंबर को कालपेट्टा और सुल्तान बाथेरी विधानसभा क्षेत्रों में पांच स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं करेंगी। कांग्रेस के बयान के अनुसार प्रियंका गांधी वाड्रा के पांच, छह और सात नवंबर के प्रचार अभियान का कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा। प्रियंका उपचुनाव के लिए अपना प्रचार ऐसे समय फिर से शुरू कर रही हैं जब उनके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशियों ने यह कहते हुए उनकी आलोचना की है कि वह मेहमान की तरह क्षेत्र में आएंगी-जाएंगी।
वाम मोर्चा ‘एलडीएफ’ उम्मीदवार सत्यन मोकेरी ने दावा किया था कि प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल की तरह मेहमान के रूप में वायनाड आएंगी और चली जाएंगी तथा वह क्षेत्र में उपस्थित नहीं रहेंगी। भाजपा प्रत्याशी नव्या हरिदास ने पिछले सप्ताह कहा था कि प्रियंका का आगमन और रोडशो मौसमी पर्व की तरह है जो साल में केवल एक बार आता है।
