इलेक्शन

हरियाणा में शुरू हुई प्रेशर पॉलिटिक्स, AAP ने शाम तक सभी 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का किया ऐलान

Haryana Assembly Elections: आम आदमी पार्टी की हरियाणा इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता ने सोमवार को कहा कि अगर कांग्रेस पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उसके साथ गठबंधन को अंतिम रूप देने में विफल रहती है तो पार्टी आज शाम तक सभी 90 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी।

Image

आम आदमी पार्टी ने सभी 90 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का किया ऐलान।

Photo : Times Now Digital

Haryana Assembly Elections: हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में गठबंधन की कोशिशों के बीच प्रेशर पॉलिटिक्स शुरू हो गई है। सीट समझौते को लेकर हो रही ना-नुकुर के बीच आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के ऊपर दबाव बनाया है। पार्टी की ओर से घोषणा की गई कि अगर गठबंधन को लेकर तस्वीर साफ नहीं हुई तो आज शाम तक सभी 90 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी।

आम आदमी पार्टी (आप) की हरियाणा इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता ने सोमवार को कहा कि अगर कांग्रेस पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उसके साथ गठबंधन को अंतिम रूप देने में विफल रहती है तो पार्टी आज शाम तक सभी 90 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी। उन्होंने कहा, हरियाणा में आप का हर कार्यकर्ता सभी 90 विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।

10 सीटों पर अड़ी हुई है आम आदमी पार्टी

चुनाव के लिए गठबंधन के संबंध में आप को कांग्रेस के जवाब के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, हम शाम तक 90 सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी करेंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि आप जितनी सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है उनकी संख्या को लेकर दोनों पार्टियों के बीच बातचीत अटकी हुई है। पार्टी 10 सीटों की मांग कर रही है, जबकि कांग्रेस पांच सीटों की पेशकश कर रही है। गुप्ता ने कहा कि आप कांग्रेस के जवाब का इंतजार कर रही है, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं आया है।

कांग्रेस ने अब तक 41 सीटों पर उतारे उम्मीदवार

हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अब तक 90 में से 41 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। देर रात पार्टी ने नौ उम्मीदवारों की सूची जारी की। कांग्रेस ने इससे पहले शुक्रवार को 32 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी जिसमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को गढ़ी सांपला-किलोई, प्रदेश इकाई के प्रमुख उदयभान को होडल सीट और पहलवान विनेश फोगाट को जुलाना से उम्मीदवार बनाया गया। पार्टी ने अपने सभी 28 विधायकों को पुन: उम्मीदवार बनाया है। बता दें, हरियाणा की 90 विधानसभा सीट पर एक चरण में पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article