PM Modi Serves Langar: लोकसभा चुनाव प्रचार के बीच पीएम मोदी गुरुद्वारा पटना साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने सेवा की और श्रद्धालुओं को लंगर भी परोसा। लोकसभा चुनाव के बीच बिहार दौरे के दूसरे दिन सोमवार को पीएम मोदी पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरमंदिर साहिब गुरुद्वारे पहुंचे। पीएम ने यहां माथा टेका और अरदास की। इसके बाद पीएम लंगर वाले क्षेत्र में भी गए और यहां खाना बनाया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने रोटियां भी बेलीं। उन्होंने लंगर में लोगों को अपने हाथ से खाना भी परोसा।
पीएम मोदी ने परोसा लंगर
देखें वीडियो
लंगर परोसने के दौरान उन्होंने नारंगी रंग की पगड़ी पहन रखी थी।
तख्त श्री पटना साहिब को तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के नाम से भी जाना जाता है, जो पटना में स्थित सिखों के पांच तख्तों में से एक है। तख्त का निर्माण 18वीं शताब्दी में गुरु गोबिंद सिंह के जन्मस्थान को चिह्नित करने के लिए महाराजा रणजीत सिंह द्वारा करवाया गया था।
पटना में पीएम का रोड शो
उन्होंने एक दिन पहले पटना में रोड शो किया था। मोदी बिहार में कहीं भी रोड शो करने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं। रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री के साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री और राज्य भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी और स्थानीय सांसद रविशंकर प्रसाद थे। एक्स पर अपने एक पोस्ट में रोड शो के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा, पटना के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार। आज के रोड शो में आप सबका अभूतपूर्व जोश और उत्साह असीम ऊर्जा से भर देने वाला है। विशेषकर हमारे युवा साथियों और माताओं-बहनों ने इसमें भागीदारी कर जिस प्रकार भरपूर आशीर्वाद दिया, उससे पता चलता है कि शहर के लोगों का भाजपा-राजग से कितना गहरा जुड़ाव है। इससे विकसित पटना के संकल्प को साकार करने की भावना और प्रबल हुई है।
उन्होंने आगे कहा, मां गंगा के तट पर बसी पाटलिपुत्र की यह धरती प्राचीन काल से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन तक के अनेक महत्वपूर्ण कालखंडों की गवाह रही है। राजग सरकार ‘विरासत भी, विकास भी’ के मंत्र के साथ यहां की विरासत को संजोने-संवारने में जुटी है। बिहार विधानसभा के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बना शताब्दी स्मृति स्तंभ इसका एक जीता-जागता उदाहरण है। शहर के लोगों का जीवन और आसान बनाने के लिए हमने सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस हो या पटना-वाराणसी के बीच ट्रेन, रेलवे जंक्शन पर सुविधाओं का विस्तार हो या हवाई अड्डे पर घरेलू टर्मिनल बिल्डिंग और इनक्यूबेशन सेंटर हो, हमारी सरकार ने बुनियादी संरचना विकास पर काफी ध्यान दिया है।
