इलेक्शन

Delhi Chunav 2025: PM मोदी की तीन, योगी आदित्यनाथ की 15 जनसभाएं... BJP ने धुआंधार प्रचार का बनाया प्लान

Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने एक धुआंधार प्लान तैयार किया है। भाजपा गणतंत्र दिवस के बाद कई रैलियां करके चुनाव प्रचार अभियान में तेजी लाएगी। भाजपा नेताओं ने बताया कि पीएम मोदी के करीब तीन रैलियों को संबोधित करने की संभावना है। साथ ही पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में कई जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

Image

पीएम मोदी रैली (फोटो साभार: @BJP4India)

Photo : Twitter

Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने एक धुआंधार प्लान तैयार किया है। भाजपा गणतंत्र दिवस के बाद कई रैलियां करके चुनाव प्रचार अभियान में तेजी लाएगी। इन रैलियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे।

भाजपा का चुनावी प्लान तैयार

भाजपा नेताओं ने बताया कि मोदी के करीब तीन रैलियों को संबोधित करने की संभावना है, जबकि आदित्यनाथ की शहर के विभिन्न हिस्सों में करीब 15 जनसभाएं आयोजित करने की योजना है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में कई जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

चुनाव प्रचार से जुड़े भाजपा की दिल्ली इकाई के एक नेता ने कहा, "शाह चार रैलियों को संबोधित करेंगे और चार रोड शो करेंगे। नड्डा के भी 10-12 रैलियों को संबोधित करने की संभावना है।" दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीट के लिए चुनाव पांच फरवरी को होंगे और नतीजे आठ फरवरी को घोषित किये जाएंगे।

कहां होंगी PM मोदी की रैलियां

भाजपा की दिल्ली इकाई के नेता ने कहा, "पार्टी ने प्रधानमंत्री की तीन रैलियों का अनुरोध किया है - एक उत्तर-पूर्वी दिल्ली के यमुना खादर में, दूसरी पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा में और तीसरी पश्चिमी दिल्ली के द्वारका के पास। इनमें से कम से कम दो रैलियों को पार्टी नेतृत्व की मंजूरी मिलना तय है।"

भाजपा के स्टार प्रचारक

भाजपा पहले ही 40 स्टार प्रचारकों की सूची घोषित कर चुकी है, जिनमें केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, हरदीप पुरी और धर्मेंद्र प्रधान शामिल हैं। आदित्यनाथ के अलावा, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी और महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस भाजपा शासित राज्यों के उन मुख्यमंत्रियों में शामिल होंगे, जो राष्ट्रीय राजधानी में रैलियां करेंगे।

दिल्ली भाजपा के नेता ने कहा, "उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के प्रचार की काफी मांग है। पार्टी ने 14 जिलों में से प्रत्येक में उनकी कम से कम एक जनसभा की योजना बनाई है। धामी की भी मांग है, क्योंकि विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों, खासकर यमुना पार के क्षेत्रों में उत्तराखंड मूल के मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है।"

इन नेताओं की भी मांग

इसके अलावा कई प्रत्याशियों ने प्रसिद्ध पूर्वांचली नेताओं और पार्टी सांसद मनोज तिवारी और रवि किशन की सभाओं और रैलियों की मांग की है।

एक अन्य पार्टी नेता ने कहा, "इन दोनों की दिल्ली में काफी लोकप्रियता है, खासकर पूर्वांचली मतदाताओं के प्रभाव वाले इलाकों में। तिवारी भोजपुरी अभिनेता और गायक हैं और वह विभिन्न राज्यों में रहने वाले उप्र और बिहार के प्रवासियों के बीच अपनी लोकप्रियता के कारण पूरे देश में प्रचार करते हैं।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article