PM Modi Jharkhand rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को झारखंड के धनबाद में रैली को संबोधित किया। इस रैली में प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां भी गूंज अब की बार 400 पार की सुनाई दे रही है। मोदी की गारंटी पर देश को पूरा भरोसा है। पीएम ने कहा कि झारखंड की जनता धूप में खड़े होकर तप कर रही है और अपना प्यार बरसा रही है। इस तप को वह बेकार नहीं जाने देंगे। चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा, 'कांग्रेस सरकार में यहां बिजली का कारखाना बंद हुआ। कांग्रेस और उसके साथी विकास के दुश्मन हैं। जबकि भाजपा का मकसद सिर्फ तीव विकास है।
कांग्रेस और जेएमएम दोनों परिवारवादी पार्टियां
झारखंड की महागठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि जेएएम कांग्रेस को चिंता अपनी तिजोरी भरने की है। कांग्रेस और जेएमएम अपने कारनामे जानती हैं। दोनों परिवारवादी पार्टियां हैं। हम भ्रष्टाचारियों पर एक्शन लेते हैं। इन दिनों झारखंड में नोटों की गड्डियां मिल रही हैं। झारखंड के लोगों का पैसा लूटा गया।
हमने गरीबों के घर मुफ्त बिजली पहुंचाई-PM
पीएम ने कहा, 'झारखंड के लोगों के आशीर्वाद का कर्ज वह विकास करके ब्याज सहित लौटाएंगे क्योंकि मोदी की गारंटी में दम है।' अपने सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमने गरीबों के घर मुफ्त बिजली पहुंचाई। पीएम ने कहा कि नॉर्थ करनपुरा में विद्युत स्टेशन की नींव पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने रखी लेकिन जब घोटाला करने वाली कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई तो उसने इस प्रोजेक्ट को बंद कर दिया। साल 2014 में मैंने इस प्रोजेक्ट को दोबारा चालू करने की गारंटी दी। आज इस प्रोजेक्ट की वजह से यहां के घर जगमगा रहे हैं।' रैली से पहले पीएम ने यहां रोड शो किया। रोड शो के दौरान लोगों ने पीएम मोदी का स्वागत किया और 'मोदी-मोदी' के नारे लगाए।
