इलेक्शन

'TMC के पाप का भर गया घड़ा', आसनसोल में गरजे PM मोदी, बोले- बंगाल में सत्ता परिवर्तन अब अपरिहार्य

West Bengal Assembly Election 2026: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को जोर दिया कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन अपरिहार्य है, क्योंकि तृणमूल कांग्रेस के ''पाप का घड़ा'' भर गया है।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आसनसोल में रैली को किया संबोधित (फोटो साभार: @BJP4India)

Photo : Twitter

West Bengal Assembly Election 2026: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को जोर दिया कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन अपरिहार्य है, क्योंकि तृणमूल कांग्रेस के ''पाप का घड़ा'' भर गया है। उन्होंने राज्य के ''आर्थिक पतन'' का उल्लेख करते हुए कहा, ''राष्ट्रीय जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) में बंगाल का योगदान पहले के 12 प्रतिशत से घटकर मात्र पांच प्रतिशत रह गया है।''

'बंगाल की प्रगति के लिए TMC से मुक्ति जरूरी'

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की प्रगति के लिए टीएमसी से मुक्ति जरूरी है, क्योंकि आज जब पूरा देश तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, तब टीएमसी बंगाल को पीछे धकेलने में लगी है। यहां के संसाधन, यहां की संभावनाएं और नौजवानों के अवसर, सब पर टीएमसी के गुंडों का कब्जा है। बंगाल की जो संपत्ति विकास के काम आनी चाहिए, उसकी खुली लूट हो रही है।

TMC पर बरसे PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा, ''बंगाल में सत्ता परिवर्तन अब अपरिहार्य है और बंगाल की जनता यही चाहती है। तृणमूल के पाप का घड़ा भर चुका है। आसनसोल पर सिंडिकेट राज, कोयला और रेत माफिया का राज है।'' उन्होंने दावा किया कि सत्ता परिवर्तन के बाद पश्चिम बंगाल नयी ऊंचाइयों को छुएगा। मोदी ने कहा, ''कभी समृद्ध औद्योगिक क्षेत्र रहे आसनसोल से निवेश खत्म हो चुका है। केवल भाजपा की 'डबल इंजन' सरकार ही इसे सुधार सकती है।"

पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र ने आसनसोल में उद्योगों के पुनरुद्धार के लिए 45,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया, ''तृणमूल ने बंगाल पर क्रूरता की है, जबकि भाजपा ने सत्ताधारी दल द्वारा खड़ी की गई बाधाओं के बावजूद आसनसोल का विकास किया।''

पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि आसनसोल और दुर्गापुर दोनों में 'मेगासिटी' बनने की क्षमता है, और आश्वासन दिया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार उस विकास को साकार करेगी। उन्होंने दावा किया कि ''एसिड अटैक के मामलों में बंगाल सबसे आगे है।'' पीएम मोदी ने कहा, ''तृणमूल महिलाओं को प्रताड़ित करने वालों के साथ खड़ी है। केवल भाजपा ही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article