इलेक्शन

दिल्ली रैली में महाकुंभ हादसे पर PM ने जताया दुख, AAP पर जमकर बरसे, कहा-मोदी को सेवा करने का एक मौका दीजिए

PM Modi rally in Kartarnagar : महाकुंभ हादसे पर दुख प्रकट करने के बाद प्रधानमंत्री चुनावी रंग में आए और दिल्ली की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर एक-एक कर हमला बोलना शुरू किया। पीएम ने कहा, 'दिल्ली में भाजपा की सरकार आने पर वह टैंकर माफियाओं से मुक्ति दिलाएगी। दिल्ली अब डबल इंजन की सरकार चाहती है

Image

दिल्ली के करतार नगर में चुनावी रैली को संबोधित करते पीएम मोदी।

PM Modi rally in Kartarnagar : दिल्ली में चुनावी गहमागहमी के बीच बुधवार को करतार नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली हुई। यमुना के तटीय इलाके में अपनी इस विशाल जनसभा का संबोधन उन्होंने महाकुंभ हादसे पर दुख जताने के साथ किया। पीएम ने कहा कि वह घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। वह इस हादसे पर यूपी सरकार के साथ लगातार संपर्क में हैं। पीएम ने कहा कि मौनी अमावस्या की वजह से करोड़ों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच गए। कुछ समय के लिए स्नान की प्रकिया में रुकावटें आई थीं लेकिन स्नान अब सुचारु रूप से चल रहा है।

महाकुंभ हादसे पर दुख प्रकट करने के बाद प्रधानमंत्री चुनावी रंग में आए और दिल्ली की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर एक-एक कर हमला बोलना शुरू किया। पीएम ने कहा, 'दिल्ली में भाजपा की सरकार आने पर वह टैंकर माफियाओं से मुक्ति दिलाएगी। दिल्ली अब डबल इंजन की सरकार चाहती है। आप-दा जाएगी और भाजपा आएगी। दिल्ली अब लूट-खसोट नहीं सहेगी। दिल्ली को गरीब-कल्याणकारी योजनाओं वाली सरकार चाहिए। रैली में जो यह भीड़ उमड़ी है, यही जनता का मूड है।'

25 साल का रोडमैप तैयार करना है-पीएम

पीएम ने कहा कि हमें 11 साल के लंबित कार्य पूरे करने हैं और अगले 25 साल का रोडमैप तैयार करना है। दिल्ली में आप-दा के फर्जीवाड़े अब नहीं चलने वाले हैं। भाजपा सरकार अपने वादे पूरे करेगी क्योंकि ये मोदी की गारंटी है। मोदी को दिल्ली की सेवा करने का मौका दीजिए।

हमें 25 से 30 साल की तैयारी करनी है-पीएम मोदी

पीएम ने कहा, 'दिल्ली कह रही है अब आप-दा के फर्जी वादे और लूट एवं झूठ नहीं चलेंगे। पूरी दिल्ली कह रही है पांच फरवरी आएगी, आप-दा जाएगी। 21वीं सदी के पहले 14 साल देखे हैं, उसमें कांग्रेस का कार्यकाल भी देखा है, फिर 11 साल आप-दा सरकार को दिए लेकिन दिल्ली की समस्या वहीं की वही है। 25 साल इन दोनों ने आपकी दो-दो पीढ़ी को बर्बाद कर दिया। जब बात दिल्ली की आती है तो किसी ने 14 साल तो किसी ने 11 साल राज किया। फिर भी स्थिति वही है। वही जाम, वही गंदगी और वही टूटी-फूटी सड़कें। गलियों में बहता गंदा पानी, वही प्रदूषण। पीने के स्वच्छ पानी के लिए लोग तरस रहे हैं, हाहाकार मचा हुआ है। कुछ नहीं बदला। इन हालातों से दिल्ली को बाहर निकालना है कि नहीं। इन हालातों से मोदी नहीं आपका एक वोट इन मुसीबतों से मुक्ति दिला सकता है। हमें 11 साल के लंबित कार्य पूरे करने है और आने वाले 25 से 30 साल की तैयारी भी करनी है।'

'एक बार कमल को भी देख लीजिए'

पीएम ने आगे कहा 'मैं दिल्लीवासियों से आग्रह पूर्वक करता हू कि मोदी को दिल्ली की सेवा करने का कुछ मौका दीजिए। देश भर के लिए मैं बहुत कुछ कर पाया हूं, दिल्ली में आपने मुझे सेवा करने का अवसर नहीं दिया। आप ने 25 सालों तक कांग्रेस और आप-दा को सत्ता दी। एक बार कमल को भी देख लीजिए। मुझे सेवा करने का अवसर दीजिए। मैं दिल्ली वासियों को कहता हूं कि जैसे एक परिवार का मुखिया अपने परिवार का ख्याल रखता है, वैसे ही मैं दिल्ली परिवार का होने का नाते आपका ख्याल रखूंगा। आपके सपने मेरे सपने होंगे। आपनी ताकत, शक्ति और सामर्थ्य आपके लिए खपा दूंगा।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article