इलेक्शन

'हम जिस भक्ति से राम मंदिर बनाते हैं, उसी भक्ति से बनाते हैं गरीबों के लिए घर', MP के सतना में गरजे PM मोदी

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 9, 2023, 12:54 PM IST

MP Vidhan Sabha Chunav: मध्य प्रदेश के सतना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया और कहा कि 'मोदी ने ये सारे घोटाले बंद कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि हम जिस भक्ति से राम मंदिर बनाते हैं, उसी भक्ति से गरीबों के लिए घर भी बनाते हैं।

Image

मध्य प्रदेश के सतना में कांग्रेस पर बरसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

Photo : Twitter

MP Election News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के सतना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "मतदान से पहले ही कांग्रेस का झूठ का गुब्बारा फूट गया है। कांग्रेस के पास मध्य प्रदेश के विकास का कोई रोडमैप नहीं है। प्रदेश के युवाओं को कांग्रेस में कोई भविष्य नजर नहीं आता इसलिए राज्य को बीजेपी और मोदी की गारंटी पर भरोसा है।" उन्होंने बताया कि हम जिस भक्ति से राम मंदिर बनाते हैं, उसी भक्ति से गरीबों के लिए घर भी बनाते हैं। पीएम ने ये भी कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने 2 ऐसे नेता खड़े किए जो दशकों मप्र कांग्रेस को चलाते हैं दोनों कपड़ा फाड़ नेता बन गए हैं। दोनों समर्थक चेलों को कहते हैं एक दूसरे के कपड़े फाड़।

राम मंदिर पर क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी?

पीएम मोदी ने कहा कि मैं आजकल जहां भी जाता हूं, वहां अयोध्या में बन रहे प्रभु राम के मंदिर की चर्चा चलती है। पूरे देश में खुशी की लहर है। सौभाग्य से भरे इस पावन कालखंड में मेरे मन में एक बात बार-बार आती है। वो बात मुझे आंदोलित करती रहती है और मुझे तेज गति से दौड़ने की प्रेरणा देती रहती है। वो बात है - राम काज कीन्हें बिनु, मोहि कहां विश्राम... अब रुकना नहीं है, थकना नहीं है। हम भक्ति में डूबे हुए लोग हैं। भव्य राम मंदिर बनाते हैं तो उसी भक्ति से, 4 करोड़ गरीब के लिए घऱ बनाते हैं तो वो भी उसी भक्ति से।

डबल इंजन सरकार होने का फायदा गिनाया

प्रधानमंत्री ने सतना में कहा कि हम लोकतंत्र का भव्य मंदिर नया संसद भवन बनाते हैं, तो हम 30 हजार पंचायत भवन भी बनाते हैं। मुझे खुशी है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार होने के कारण MP उन राज्यों में से एक है जहां गरीबों के लिए लाखों घर बनाए गए। यहां सतना में भी गरीबों को 1.32 लाख घर मिले हैं।

बिचौलियों की मौज पर कांग्रेस पर साधा निशाना

उन्होंने कहा कि मोदी ने घोटाले भी बंद किए और कांग्रेस के करप्शन काल में जो बिचौलियों की मौज थी, उसको भी बंद करा दिया। भाजपा सरकार ने सरकारी योजनाओं का पैसा गरीबों के बैंक खातों में ट्रांसफर करना शुरू किया। 10 साल में भाजपा सरकार ने 33 लाख करोड़ रुपये सीधे गरीबों के बैंक खातों में भेजे हैं और इसमें से एक रुपया भी इधर का उधर नहीं हो पाया। कांग्रेस किस तरह गरीबों का हक छीनती है उसका जीता-जागता प्रमाण है फर्जी लाभार्थी घोटाला। जितनी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की आबादी मिलकर है, उतने फर्जी लाभार्थी कांग्रेस ने देश भर में कागजों में पैदा कर दिए थे।

'त्रिशक्ति की ताकत से भरा हुआ है आपका वोट'

सतना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है। ये आपके वोट ने ऐसा कमाल किया है कि देश के दुश्मनों के हौसले पस्त हैं। इस बार भी मध्य प्रदेश के चुनाव में MP के चुनाव में आपका हर वोट त्रिशक्ति की ताकत से भरा हुआ है। आपका एक वोट यहां फिर से भाजपा की सरकार बनाने जा रहा है। आपका वही वोट दिल्ली में मोदी को मजबूत करेगा। आपका वही वोट, भ्रष्टाचारी कांग्रेस को MP की सरकार से सौ कोस दूर रखेगा। यानी एक वोट, तीन कमाल! यहां मतदान में इतने दिन बचे हैं, लेकिन उससे पहले ही झूठ का गुब्बारा फुट गया है। कांग्रेस के पास MP के विकास का कोई रोडमैप नहीं है। कांग्रेस के थके-हारे चेहरों में MP के युवाओं को कोई भविष्य नहीं दिखता। इसलिए MP को भाजपा पर भरोसा है। MP को मोदी की गारंटी पर भरोसा है।"

बंदूक की नली से संगीत के सुर निकालती सतना की धरती

पीएम ने कहा कि ये सतना की ही ताकत और सामर्थ्य है कि बंदूक की नली से संगीत के सुर निकलते हैं। विश्व जब संकटों के घेरे में है, चारो तरफ बम-बंदूक की आवाजें सुनाई दे रही है, भारत जैसे देश आज दुनिया में अपने विचार का प्रभाव पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे समय सतना की धरती से एक ऐसी ज्योति निकलती है जो बंदूक की नली से संगीत के सुर निकालती है। युद्ध की मानसिकता वाले मानव समुदाय को सतना की इस धरती का ये बहुत ही सशक्त संदेश है।

मोदी का दावा- गरीबों के काम आ रहा देश का पैसा

प्रधानमंत्री ने भाजपा सरकार की उपलब्धिया गिनाते हुए कहा कि गरीबों का घर हो, मुफ्त राशन हो, मुफ्त इलाज हो आज इन पर भाजपा सरकार लाखों करोड़ रुपये खर्च कर रही है अर्थात देश का पैसा गरीबों के काम आ रहा है। लेकिन जब कांग्रेस की सरकार थी, तब देश के लाखों करोड़ रुपये 2G घोटाले, कोयला घोटाले, कॉमनवेल्थ घोटाले और हेलिकॉप्टर घोटाले में जाते थे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article