Bihar Politics: बिहार की पूर्णिया सीट मचा घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक दिन पहले बिहार में महागठबंधन के तहत हुए सीट बंटवारे में यह सीट राजद के खाते में चली गई, लेकिन कांग्रेस नेता पप्पू यादव अभी भी इसको लेकर अड़े हुए हैं। अब उन्होंने पूर्णिया सीट से नामांकन करने की घोषणा कर दी है। जानकारी के मुताबिक, 2 अप्रैल को पप्पू यादव पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के लिए नामांकन दाखिल करेंगे।
पूर्णिया से नामांकन दाखिल करेंगे पप्पू यादव
बता दें, हाल ही में राजद में शामिल हुईं विधायक बीमा भारती पहले ही दावा कर चुकी हैं कि पूर्णिया सीट पर नामांकन दाखिल करने के लिए उन्हें राजद ने टिकट दिया है। ऐसे में पप्पू यादव के हालिया ऐलान ने सियासी पारा गर्म कर दिया है। पप्पू यादव के निजी सचिव अजय जायसवाल ने प्रेस विज्ञप्ति किया जारी कर कहा है कि 2 अप्रैल को पप्पू यादव पूर्णिया में नामांकन करेंगे।
तो एक सीट पर टूट गया महागठबंधन
बिहार में महागठबंधन के तहत शुक्रवार को ही सीट बंटवारा हुआ है। इसके तहत 26 सीटों पर राजद, 9 पर कांग्रेस, 3 पर भाकपा माले, जबकि सीपीआई और सीपीएम एक-एक सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इस बंटवारे में पूर्णिया सीट राजद के खाते में गई है। हालांकि, अब पूर्णिया में महागठबंधन टूटने की कगार पर पहुंच चुका है। राजद ने यहां बीमा भारती को उम्मीदवार घोषित किया है तो कांग्रेस की ओर से पप्पू यादव हैं। पप्पू यादव पहले ही कह चुके हैं कि वह पूर्णिया नहीं छोड़ेंगे। ऐसे में इस सीट पर राजद और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच फ्रेंडली फाइट देखने को मिल सकती है।
आलाकमान ने साधी चुप्पी
हालांकि, इस मसले पर अभी तक राजद और कांग्रेस के आलाकमान की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई है। भले ही दोनों नेता स्थानीय स्तर पर बयानबाजी कर रहे हों, लेकिन शीर्ष स्तर पर चुप्पी है। हालांकि, राजद नेता तेजस्वी यादव ने एक बयान में यह जरूर कहा था कि उनका गठबंधन कांग्रेस पार्टी के साथ है न कि किसी व्यक्ति विशेष के साथ।
