इलेक्शन

महाराष्ट्र में कितने सीटों पर BJP लड़ेगी विधानसभा चुनाव? जानें सीट बंटवारे पर क्या बोले देवेंद्र फडणवीस

Maharashtra Election: महाराष्ट्र में भाजपा कितने सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में विचार कर रही है? इस सवाल का जवाब फिलहाल दे पाना तो थोड़ो मुश्किल है, लेकिन डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए महायुति के बीच सीट बंटवारे को ‘जल्द' अंतिम रूप दिया जाएगा।

Image

सीट बंटवारे पर कब बनेगी बात?

Maharashtra Assembly Elections: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने बचे हैं और ऐसे में राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता देवेन्द्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि सत्तारूढ़ महायुति के सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे को 'जल्द' ही अंतिम रूप दे दिया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने भी चुनाव पूर्व व्यवस्था पर अपनी टिप्पणी में कहा कि 'लगभग 70-80 प्रतिशत' (288) विधानसभा क्षेत्रों में सीट बंटवारे पर सत्तारूढ़ गठबंधन के फार्मूले को अंतिम रूप दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि महायुति का समझौता मुख्य प्रतिद्वंद्वी विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) से काफी पहले हो जाएगा।

सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर क्या बोले फडणवीस?

महायुति (महागठबंधन) में भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल हैं। महायुति सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे और इसकी औपचारिक घोषणा के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने पुणे में संवाददाताओं से कहा, 'सीट बंटवारे के फॉर्मूले को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा।' उन्होंने इस बारे में कोई और जानकारी नहीं दी कि यह कितना जटिल मुद्दा होगा।

हालांकि, अलग से बात करते हुए बावनकुले ने दावा किया कि लोग महायुति के सीट बंटवारे के फार्मूले को एमवीए के घटकों - कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राकांपा (शरदचंद्र पवार) - द्वारा समझौते की घोषणा से पहले ही देख लेंगे।

सीट के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया गया

बावनकुले ने कहा, 'लगभग 70-80 प्रतिशत निर्वाचन क्षेत्रों में सीट के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (शिवसेना), फडणवीस (भाजपा) और प्रफुल्ल पटेल (राकांपा) के बीच (हाल ही में) हुई बैठक का नतीजा यह निकला कि उम्मीदवार की जीत की संभावना सबसे जरूरी मानदंड है।'

इस बीच, शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से जुड़े उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा, "राजग (राज्य में महायुति) के तीनों नेता महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति से अच्छी तरह वाकिफ हैं। कुछ उम्मीदवारों की घोषणा बहुत देर से करने की गलती (जैसा कि राज्य में लोकसभा चुनावों के दौरान हुआ था) इस बार नहीं दोहरायी जाएगी। हमने 75 प्रतिशत से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सीट बंटवारे के फॉर्मूले को अंतिम रूप दे दिया है।'

छगन भुजबल ने सीट बंटवारे पर क्या कुछ कहा?

हालांकि, कैबिनेट मंत्री एवं राकांपा के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने सीट बंटवारे पर महायुति द्वारा व्यापक सहमति बनाने के बारे में अनभिज्ञता जतायी। भुजबल ने कहा, 'मुझे तीनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे के फॉर्मूले के बारे में जानकारी नहीं है, लेकिन हमने (राकांपा) चुनाव लड़ने के लिए करीब 80 सीट की मांग की है।'

मौजूदा विधानसभा में, भाजपा 103 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है, उसके बाद शिवसेना 40, राकांपा 41, कांग्रेस 40, शिवसेना (यूबीटी) 15, राकांपा (शरदचंद्र पवार) 13 और अन्य 29 हैं। कुछ सीटें खाली हैं।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव नवंबर में होने की संभावना है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article