इलेक्शन

पीएम मोदी और केजरीवाल में कोई फर्क नहीं, दोनों ही कायर और भ्रष्ट हैं...प्रियंका ने बोला तीखा हमला

मुस्तफाबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि जहां मोदी भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर आरोप लगाते रहे, वहीं केजरीवाल ने मोदी पर आरोप लगाए हैं। हालांकि, किसी ने भी कोई जिम्मेदारी नहीं ली।

Image

प्रियंका का पीएम मोदी-केजरीवाल पर हमला

Photo : PTI

Priyanka Gandhi Attacks PM Modi, Kejriwal- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर पहुंच गया है और सभी दलों के बड़े नेता तीखा हमला बोलने का कोई मौका नहीं चूक रहे हैं। शुक्रवार को एक रैली के दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी और केजरीवाल को निशाने पर लेते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि दोनों के बीच कोई अंतर नहीं है क्योंकि दोनों कायर और भ्रष्ट हैं।

पीएम मोदी-केजरीवाल पर बोला हमला

मुस्तफाबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि जहां मोदी भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर आरोप लगाते रहे, वहीं केजरीवाल ने मोदी पर आरोप लगाए हैं। हालांकि, किसी ने भी कोई जिम्मेदारी नहीं ली। भाजपा की राजनीति हमेशा विभाजन पैदा करने की रही है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आप नेताओं ने मोदी के 'राजमहल' और भाजपा नेताओं ने केजरीवाल के 'शीशमहल' के बारे में बात की, लेकिन उनमें से किसी ने भी लोगों के असली मुद्दों के बारे में बात नहीं की।

किसने बड़ा 'महल' बनाया

उन्होंने कहा कि भाजपा और आप जिन मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं वह यह है कि किसने भ्रष्टाचार किया और किसने बड़ा 'महल' बनाया। उन्होंने कहा, सोचिए कि आपके मुद्दों पर कौन बात कर रहा है। क्या ये आपके मुद्दे हैं? कौन किस पर आरोप लगा रहा है? आपका दर्द कौन समझता है? वे लोगों को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। कोई कहता है मेरा अपमान किया गया, जबकि कोई कहता है कि किसी और का अपमान किया गया।

मोदी अपने का हिसाब नहीं देते

प्रियंका गांधी ने कहा, कोई हिंदू और मुसलमानों को बांटने की कोशिश कर रहा है लेकिन वे सड़कों, साफ पानी, बच्चों की शिक्षा, व्यवसायों को मजबूत करने और रोजगार के बारे में बात नहीं कर रहे हैं। आप जानते हैं कि किन परिस्थितियों में आप का गठन हुआ और केजरीवाल जी भ्रष्टाचार के खिलाफ एक नेता के रूप में उभरे। अब उनमें और मोदी के बीच क्या अंतर है? प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया और दावा किया कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि हर चीज के लिए नेहरू दोषी हैं और वह कोई जिम्मेदारी नहीं लेते हैं। मोदी ने कभी नहीं कहा कि उन्होंने पिछले 10 वर्षों में क्या किया।

वह (मोदी) अतीत की कांग्रेस सरकारों में क्या हुआ, इसके बारे में बात करते हैं। केजरीवाल जी मोदी जी पर आरोप लगाते हैं। मोदी जी ने नेहरू जी को ढूंढ लिया है और केजरीवाल जी ने मोदी जी को ढूंढ लिया है, लेकिन लोगों के लिए काम कौन कर रहा है और जिम्मेदारी कौन ले रहा है? इंदिरा गांधी कहती थीं कि दो तरह के लोग होते हैं - एक जो चुपचाप काम करते हैं और दूसरे जो बहाने बनाते हैं और दूसरों के काम का श्रेय लेते हैं। अब, क्या मोदी और केजरीवाल पहले प्रकार के हैं या दूसरे प्रकार के?

मोदी और केजरीवाल खुद को नेता कहते हैं...

प्रियंका गांधी ने कहा, मोदी और केजरीवाल खुद को नेता कहते हैं, लेकिन एक नेता वह होता है जो जिम्मेदारी लेता है, लोगों को लड़ाता नहीं है, ध्यान नहीं भटकाता है, दिखाता है कि वह लोगों की समस्याओं को कम करने के लिए कैसे काम कर रहा है। नेता वह है जो निडर है, डरता नहीं है। क्या आपने राहुल गांधी को देखा है? वह एक नेता हैं। किसी को यह पसंद हो या न हो, वह सच बोलने से कभी नहीं कतराते। उन्होंने कहा, वे (मोदी और केजरीवाल) कायर हैं, वे भ्रष्ट हैं। वे अपने लिए काम करेंगे और फिर लोगों के बारे में सोचेंगे। प्रियंका गांधी ने दिल्ली में शीला दीक्षित के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की 15 साल की उपलब्धियां भी गिनाईं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article