Madhya Pradesh Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश की विधानसभा 230 सीटों के लिए एक चरण में 17 नवंबर को मतदान होगा। इन सभी सीटों के लिए चुनाव-प्रचार का शोर आज शाम पांच बजे थम जाएगा। आचार संहिता लागू होने के बाद करीब एक महीने तक चले चुनाव प्रचार में राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। मतदाताओं को रिझाने एवं आकर्षित करने के लिए नेता सुदूर गांवों एवं दुष्कर क्षेत्रों का दौरा किया लेकिन मध्य प्रदेश में एक गांव ऐसा भी है जहां आजादी के बाद आज तक कोई भी प्रत्याशी वोट मांगने के लिए नहीं आया। यह गांव है झंडाना।
आदिवासी लोगों का गांव है झंडाना
मध्य प्रदेश का यह गांव नर्मदा नदी पर बने सरदार सरोवर बांध की दीवार से टकराकर लौटने वाले पानी के डूब क्षेत्र में स्थित है। झंडाना गांव में आदिवासी समुदाय के लोग रहते हैं और इनकी आबादी करीब 1000 है। इस गांव तक पहुंचना आसान नहीं है और यहां के हालात दुष्कर हैं। यह गांव आरक्षित अलीराजपुर विधानसभा में पड़ता है।
पहले नाव फिर पैदल चलते हैं लोग
इस गांव में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। गांव तक जाने के लिए पहले नाव से और फिर कई किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर करनी पड़ती है। गांव तक पक्की सड़क भी नहीं है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग करते आए हैं लेकिन अभी तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई है। अलीराजपुर के जिलाधिकारी का कहना है कि मतदान के लिए चुनाव अधिकारी मशीन लेकर पहले नाव और फिर पैदल चलकर गांव पहुंचेंगे। इस मतदान केंद्र पर 763 लोग मतदाता हैं।
17 नवंबर को मतदान
राज्य में चुनाव प्रचार खत्म होने से एक दिन पहले मोदी ने एक रैली में कहा, ‘पूरे मध्य प्रदेश में मैंने जो माहौल देखा है वह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिल रहा है। मुझे नहीं दिख रहा कि कांग्रेस प्रतिस्पर्धा में है। यह एक शर्मनाक हार की ओर बढ़ रही।’उन्होंने कहा, ‘लोग 17 नवंबर को मतदान कर विकास और भाजपा को चुनेंगे। कांग्रेस को करारी शिकस्त मिलेगी।’ राज्य की 230 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक ही चरण में 17 नवंबर को मतदान होना है। मतगणना तीन दिसंबर को होगी।
