MP Election: इंदौर के राऊ विधानसभा क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए चुनावी विवाद के बाद भंवरकुआं थाने के बाहर जुटकर हंगामा कर रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यह विवाद शुक्रवार को होने वाले विधानसभा चुनाव से चंद घण्टों पहले हुआ।
एक दूसरे पर आरोप
भाजपा उम्मीदवार मधु वर्मा का आरोप है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता राऊ विधानसभा क्षेत्र में चुनावी काम कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को धमका रहे थे जिससे विवाद हुआ। उधर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने आरोप लगाया कि राऊ विधानसभा क्षेत्र में मतदान से पहले भाजपा कार्यकर्ता लोगों को शराब, कम्बल और पाजेब बांट रहे थे।
की जा रही कानूनी कार्रवाई
उन्होंने दावा किया कि ये चीजें बांटे का विरोध करने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक कांग्रेस नेता पर हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विवाद के मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आज मतदान
मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटों पर 2,533 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करने के लिए शुक्रवार को मतदान होगा, जिनमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके पूर्ववर्ती और प्रतिद्वंद्वी कमलनाथ जैसे राजनीतिक दिग्गज शामिल हैं। इस चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी कांग्रेस के बीच काफी हद तक सीधी लड़ाई है। एक शीर्ष चुनाव अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में 5.6 करोड़ से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि सभी 230 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान के लिए सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। अधिकारी के मुताबिक, 47 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए और 35 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।
