इलेक्शन

MP Election 2023: भोपाल की मुस्लिम बाहुल्य सीटों पर जोर आजमाइश, कांग्रेस के कब्जे में दोनों सीटें

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 14, 2023, 01:36 PM IST

भोपाल उत्तर विधानसभा सीट से कांग्रेस के आरिफ अकील अरसे से विधायक हैं, वह 1990 से लगातार चुनाव लड़ते आ रहे हैं, छह बार विधायक रहे हैं।

Image

मध्य प्रदेश चुनाव 2023

MP Election 2023: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की मुस्लिम बाहुल्य दो विधानसभा सीटों उत्तर और मध्य में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच जोर आजमाइश का दौर जारी है। फिलहाल इन दोनों सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है। राजधानी की भोपाल उत्तर और मध्य भोपाल दो विधानसभा सीटें ऐसी हैं जहां पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या ज्यादा है और यही वर्ग चुनावी नतीजों को तय करते हैं।

कांग्रेस के आरिफ अकील अरसे से विधायक

भोपाल उत्तर विधानसभा सीट से कांग्रेस के आरिफ अकील अरसे से विधायक हैं, वह 1990 से लगातार चुनाव लड़ते आ रहे हैं, छह बार विधायक रहे हैं। 1993 के बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद के चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार से हारे थे। इस बार स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण उनके बेटे आतिफ अकील कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं। यह वह सीट है जहां 50 फीसदी से ज्यादा मुस्लिम मतदाता हैं और यही कारण है कि यहां कांग्रेस के उम्मीदवार आरिफ अकील लगातार चुनाव जीतते आए हैं।

इस बार आरिफ के बेटे मैदान में

इस बार उनका बेटा मैदान में है और उनके लिए चाचा आमिर अकील और कांग्रेस के बागी नासिर इस्लाम मुसीबत बने हुए हैं। दोनों चुनाव मैदान में हैं। यहां भाजपा के उम्मीदवार आलोक शर्मा है। भोपाल उत्तर में भाजपा और कांग्रेस मुस्लिम मतदाताओं को लुभाने के लिए हर तरह के दांव चल रही है। भाजपा जहां तीन तलाक कानून को खत्म किए जाने और लाडली बहना योजना को जोर-शोर से जनता के बीच ले जा रही है। वहीं कांग्रेस की ओर से भाजपा की नीतियों पर हमले किए जाने के साथ जनकल्याणकारी योजना का वादा कर रही है।

भोपाल मध्य सीट भी मुस्लिम बाहुल्य

इसी तरह राजधानी की भोपाल मध्य सीट भी मुस्लिम बाहुल्य है, जहां 40 फीसदी से ज्यादा मतदाता मुस्लिम और 25 प्रतिशत से ज्यादा अनुसूचित जाति के हैं। कांग्रेस ने जहां एक बार फिर विधायक आरिफ मसूद को मैदान में उतारा है, वहीं भाजपा ने ध्रुव नारायण सिंह को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा के उम्मीदवार वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर विधायक रह चुके हैं। इस सीट पर जीत हासिल करने के लिए दोनों ही दल अपनी ताकत झोंके हुए हैं। कांग्रेस के लिए तो पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी रोड शो कर चुके हैं, वहीं भाजपा की ओर से बड़े नेता सक्रिय हैं।

दोनों सीटें कांग्रेस के कब्जे में

वर्तमान में यह दोनों मुस्लिम बाहुल्य सीटें कांग्रेस के कब्जे में है। लिहाजा कांग्रेस की कोशिश है कि उसका कब्जा बरकरार रहे तो बीजेपी इन दोनों ही सीटों को छीनने की कोशिश में लगी हुई है। दोनों ही स्थान पर मुकाबला रोचक है और हार जीत किसी की भी संभव है। (IANS)amit

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article