Odisha New CM Mohan Majhi: ओडिशा के नए मुख्यमंत्री के रूप में आज यानि कि बुधवार को मोहन चरण माझी मे शपथ ली। मोहन माझी के साथ-साथ उनके दो डिप्टी सीएम ने भी शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह शाम भुवनेश्वर के जनता मैदान में हुआ। मोहन चरण माझी ओडिशा में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए।
मोहन माझी बने ओडिशा के नए सीएम
ये भी पढ़ें- BJP ने ओडिशा में मोहन माझी पर क्यों खेला दांव, समझिए पार्टी की रणनीति, पर कामयाबी की गारंटी कितनी?
राज्यपाल रघुबर दास ने दिलाई शपथ
ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास ने मोहन माझी को शपथ दिलाई। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के शीर्ष नेता जेपी नड्डा, नितिन गडकरी और योगी आदित्यनाथ, पांच बार ओडिशा के मुख्यमंत्री रह चुके नवीन पटनायक और केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम भुवनेश्वर के जनता मैदान में मौजूद थे।
ओडिशा की पहली महिला डिप्टी सीएम
दो उपमुख्यमंत्री, आठ मंत्री और पांच राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने इस दौरान शपथ ली। के वी सिंह देव और पार्वती परिदा ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। पार्वती परिदा ओडिशा की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनी हैं। सुरेश पुजारी, रबिनारायण नाइक, नित्यानंद गोंड और कृष्ण चंद्र पात्रा ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व वाली कैबिनेट में मंत्री के रूप में शपथ ली।
ओडिशा के नए सीएम कौन हैं
मोहन माझी की पहचान ओडिशा में भाजपा के आदिवासी नेता के तौर पर रही है। मोहन माझी चार बार से विधायक का चुनाव जीत रहे हैं। मोहन माझी का जन्म क्योंझर जिले के रायकला गांव में हुआ था। वह एक सुरक्षा गार्ड के बेटे हैं। वह 1997 से 2000 के बीच ग्राम प्रधान थे और 2000 में क्योंझर से विधायक चुने जाने से पहले भाजपा के ओडिशा एसटी (अनुसूचित जनजाति) मोर्चा के महासचिव थे। 52 वर्षीय मोहन माझी इस सीट से चार बार जीत चुके हैं, जिसमें इस साल का विधानसभा चुनाव भी शामिल है, जिसमें उनका वोट मार्जिन 11,577 था। मोहन माझी अपने संगठनात्मक कौशल के लिए जाने जाते हैं। वे निवर्तमान ओडिशा विधानसभा में मुख्य सचेतक भी थे।
