इलेक्शन

दिल्ली चुनाव: ताहिर हुसैने के लिए प्रचार में उतरे ओवैसी, कहा- मोदी और केजरीवाल एक ही सिक्के के दो पहलू

ओवैसी ने शाहीन बाग में पैदल मार्च भी किया और जनता से पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के चुनाव चिह्न पतंग का बटन दबाने का आग्रह किया।

Image

प्रचार में उतरे ओवैसी

Owaisi in Okhla: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी भी दिल्ली चुनाव प्रचार में उतर आए हैं। गुरुवार को ओवैसी ने ओखला में जनसभा में कहा कि आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच ज्यादा अंतर नहीं है और वे एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। ओखला निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार शिफा-उर-रहमान के लिए प्रचार करते हुए उन्होंने कहा, मोदी और केजरीवाल भाई जैसे हैं, एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों आरएसएस की विचारधारा से निकले हैं - एक इसकी शाखा से और दूसरा इसकी संस्थाओं से।

ओवैसी ने शाहीन बाग में पैदल मार्च भी किया

ओवैसी ने शाहीन बाग में पैदल मार्च भी किया और जनता से पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के चुनाव चिह्न पतंग का बटन दबाने का आग्रह किया। एआईएमआईएम ने दो उम्मीदवारों मुस्तफाबाद से ताहिर हुसैन और ओखला से शिफा-उर-रहमान को मैदान में उतारा है। दोनों उम्मीदवार वर्तमान में 2020 के दिल्ली दंगों के मामले में जेल में हैं।

ताहिर हुसैन को जेल

जब ताहिर हुसैन को जेल हुई तो वह आम आदमी पार्टी से पार्षद थे। वह पिछले दिसंबर में एआईएमआईएम में शामिल हुए थे। अपने संबोधन के दौरान ओवैसी ने न्यायिक प्रक्रिया में पक्षपात का आरोप लगाते हुए केजरीवाल और उनकी पार्टी पर सवाल उठाए। ओवैसी ने कहा, अरविंद केजरीवाल को शराब नीति मामले में जमानत कैसे मिल गई, जबकि ताहिर हुसैन और शिफा-उर-रहमान पिछले पांच साल से अंदर हैं? मनीष सिसौदिया और संजय सिंह समेत उनके सभी नेताओं को जमानत मिल गई है, लेकिन ये दोनों अभी भी जेल में हैं। उनकी गलती क्या है?

उन्होंने ओखला निर्वाचन क्षेत्र में विकास की कमी के लिए भी केजरीवाल की आलोचना की। उन्होंने कहा, हर दूसरे निर्वाचन क्षेत्र में विकास हुआ है, लेकिन ओखला में क्यों नहीं? इसके बजाय, आप सरकार के तहत ओखला कूड़े के पहाड़ में बदल गया है। उन्होंने कहा, यहां, जब मैं इन सड़कों पर चलता हूं तो लोग मुझ पर फूलों की वर्षा करते हैं, लेकिन अगर केजरीवाल वहां से गुजरते हैं, तो लोग उन पर चप्पल फेंकेंगे। औवेसी ने यह भी दावा किया कि भाजपा इस निर्वाचन क्षेत्र से कभी नहीं जीतेगी। बीजेपी यहां कभी नहीं जीती है और इस बार भी नहीं जीतेगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article