Mission 2024: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव अब मिशन 2024 पर जुटे दिख रहे हैं। अपने कार्यकर्ताओं को वो पहले ही तैयारी करने के लिए बोल चुके हैं। खुद भी दौरा कर रहे हैं, अब अखिलेश यादव ने इंडिया गठबंधन के लिए सीट शेयरिंग का एक फॉर्मूला भी सामने रख दिया है। सपा प्रमुख ने इशारों ही इशारों में कह दिया कि उनकी पार्टी 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
15 सीट गठबंधन के लिए
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी में 65 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। उन्होंने 15 सीटें गठबंधन को देने को कहा है। गठबंधन न होने की सूरत में 80 सीटों पर सपा अकेले चुनाव लड़ने को तैयार है। सपा के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने बताया कि बुधवार को सपा राज्य कार्यकारिणी की बैठक में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर मंथन हुआ।
तैयारी 80 सीटों पर
जिसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया कि सपा इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। साथ ही यूपी का सबसे बड़ा दल है। विधानसभा चुनाव में 35 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त किया है, इसीलिए, 80 में से 65 लोकसभा सीटों पर सपा चुनाव लड़ेगी। 15 सीटें दूसरे दलों को देने का काम करेगी। अगर सपा गठबंधन में नहीं जाएगी तो वह भाजपा को 80 सीटों पर हराने का काम करेगी।
पीडीए पर जोर
अखिलेश यादव ने राज्य कार्यकारिणी की बैठक में कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए पूरी तैयारी के साथ अभी से जुट जाएं। यह चुनाव आगे आने वाली पीढ़ी के भविष्य को भी तय करेगा। देश में लोकतंत्र और संविधान बचाने का यह अंतिम चुनाव होगा। समाजवादी पीडीए भाजपा के एनडीए को सत्ता से हटाएगा। भाजपा इस चुनाव में समाजवादी पीडीए के सामने कहीं टिक नहीं सकेगी।
