MCD Polls 2022: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के मद्देनजर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली में हैं। बुधवार (30 नवंबर, 2022) को भी उन्होंने राजधानी के सीएम और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने केजरीवाल को भस्मासुर बताया और कहा कि उन्होंने झूठा रूप दिखाकर लोगों को ठगा।
MCD Polls: दिल्ली में रोडशो के दौरान सीएम और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल। (फाइल)
बकौल शिवराज, "केजरीवाल की वास्तविकता लोग समझ चुके हैं। यह वह भस्मासुर हैं, जिन्होंने झूठा रूप दिखाकर लोगों को ठगा है और इसलिए जनता भाजपा के साथ है। उन्होंने भ्रष्टाचार का नया रिकॉर्ड बनाया है लेकिन भाजपा के एमसीडी ने कचरे के ढेर को हटाया है। जहां कचरों के ढेर थे वहां जन रसोई चल रही है। सेवा ही भाजपा का मूल मंत्र है।"
चौहान ने इससे पहले 28 नवंबर को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर दिल्ली के अपने समकक्ष पर हमला बोला था। कहा था कि उन्हें राष्ट्रीय राजधानी में गड़बड़ी और बदनामी के लिए 'धोखा रत्न' मिलना चाहिए। दिल्ली नगर निकाय (एमसीडी) के चुनाव के सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवारों के लिए प्रचार करते हुए उन्होंने कहा, "हमने चीन की महान दीवार के बारे में सुना है... केजरीवाल अब 'भ्रष्टाचार की दीवार' बन गए हैं।"
चौहान ने अपने मंत्रियों मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन का बचाव करने के लिए भी आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "यह हास्यास्पद है कि केजरीवाल ने सत्येंद्र जैन एवं मनीष सिसोदिया के लिए भारत रत्न की मांग की। केजरीवाल को दिल्ली की मौजूदा स्थिति के लिए 'धोखा रत्न पुरस्कार' और सिसोदिया को 'शराब रत्न पुरस्कार' दिया जाना चाहिए।" सिसोदिया दिल्ली सरकार की आबकारी नीति 2021-22 से संबंधित मामले में आरोपों का सामना कर रहे हैं।
