Mainpuri by elections 2022 : उत्तर प्रदेश में लोकसभा की एक सीट और विधानसभा की दो सीटों पर होने वाले उपचुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए पार्टी ने रघुराज शाक्य को अपना उम्मीदवार बनाया है। सियासी गलियारों में चर्चा थी कि इस सीट के लिए भाजपा समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव को टिकट दे सकती है। मुलायम सिंह के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर सपा ने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को उम्मीदवार बनाया है। भगवा पार्टी ने रामपुर विधानसभा की सीट पर उपचुनाव के लिए आकाश सक्सेना और मुजफ्फरनगर की खतौली सीट के लिए राजकुमारी सैनी को टिकट दिया है। रामपुर विधानसभा सीट सपा नेता आजम खान को सजा होने पर खाली हुई है। भाजपा विधायक के निधन होने पर खतौली सीट रिक्त हुई।
मैनपुरी सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा ने घोषित किया अपना उम्मीदवार।
लोकसभा उपचुनाव 2022
| उत्तर प्रदेश | मैनपुरी | रघुराज सिंह शाक्य |
विधानसभा उपचुनाव-2022
| राजस्थान | सरदारशहर | अकोश कुमार पिंचा |
| बिहार | कुरहानी | केदार प्रसाद गुप्ता |
| छत्तीसगढ़ | भानुप्रताप | ब्रह्मानंद नेताम |
| उत्तर प्रदेश | खतौली | राजकुमारी सैनी |
| उत्तर प्रदेश | रामपुर | आकाश सक्सेना |
मैनपुरी सीट पर भाजपा से प्रेम सिंह शाक्य लड़े थे चुनाव
2019 के लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव के खिलाफ भाजपा ने प्रेम सिंह शाक्य को चुनाव लड़ाया था। इस चुनाव में मुलायम सिंह को 5.24 लाख वोट मिले थे, जबकि शाक्य के खाते में 4.30 लाख वोट गए थे। इस सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। मैनपुरी, रामपुर और खतौली सीट पर पांच दिसम्बर को मतदान होगा और चुनाव नतीजे की घोषणा आठ दिसम्बर को होगी। इसी दिन हिमाचल और गुजरात चुनाव के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे।
