इलेक्शन

महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव का कब होगा ऐलान? सूत्रों के हवाले से आया ये बड़ा अपडेट

Assembly Elections Schedule for Maharashtra and Jharkhand: महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। सूत्रों के हवाले से ये दावा किया जा रहा है कि महाराष्ट्र और झारखंड के लिए विधानसभा चुनाव की घोषणा इस हफ्ते हो सकती है। आपको बताते हैं कि इससे जुड़े क्या जानकारियां सामने आई हैं।

Image

झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की जल्द हो सकती है घोषणा।

Photo : BCCL

Maharashtra and Jharkhand Election Announcement: महाराष्ट्र और झारखंड में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसका शेड्यूल कभी भी जारी किया जा सकता है। माना जा रहा है कि निर्वाचन आयोग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है और वो इसका ऐलान कभी भी कर सकता है। इस बीच सूत्रों के हवाले से ये खबर सामने आई है कि महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनाव की घोषणा इस हफ्ते हो सकती है।

महाराष्ट्र में कितने चरण में हो सकता है मतदान?

इन दिनों महाराष्ट्र की सियासत में काफी उतार-चढ़ाव देखी जा रही है। अजित पवार गुट के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बार सूबे का पारा हाई हो चुका है। इस बीच चुनाव आयोग के सूत्रों के मुताबिक ये जानकारी सामने आई है कि महाराष्ट्र में एक या दो चरण में मतदान कराया जा सकता है। हालांकि कहा ये भी गया है कि ज्यादा संभावना इस बात की एक ही चरण में चुनाव हो।

झारखंड में एक से तीन चरणों में मतदान संभावित

इसके अलावा दूसरे चुनावी राज्य झारखंड में भी इन दिनों काफी सियासी उठापटक देखने को मिली है। झारखंड में एक से तीन चरणों में संभावित मतदान है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को ध्यान में रखकर मतदान के चरण तय होंगे। फिलहाल सूबे में हेमंत सोरेन की सरकार है, भाजपा की निगाहें इस राज्य में वापसी करने पर होगी।

बता दें, हाल ही में हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव सम्पन्न हुए हैं। हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की वापसी हुई है, तो वहीं 10 साल बाद जम्मू-कश्मीर में हुए विधानसभा चुनावों में नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन को बहुमत मिला है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article