Madhya Pradesh Narendra Singh Tomar Morena Dimani Election 2023 Profile: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने कद्दवार नेता और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतारा है। उन्हें एमपी की दिमानी सीट से उम्मीदवार बनाया है। इस सीट से कांग्रेस ने वर्तमान विधायक रवींद्र तोमर को टिकट दिया है। इस सीट पर बीएसपी ने भी उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है। जिसकी वजह मुरैना की दिमानी सीट हाई प्रोफाइल सीट बन गई है। इस सीट सिर्फ मध्य प्रदेश ही नहीं पूरे देश की नजर है। ऐसा माना जा रहा है कि अगर बीजेपी की सत्ता आती है तो नरेंद्र सिंह तोमर मध्य प्रदेश के सीएम बन सकते हैं। आइए जानते हैं कौन केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर।
नरेंद्र सिंह तोमर का राजनीतिक करियर
नरेंद्र सिंह तोमर 17वीं लोकसभा के सदस्य हैं। वह वर्तमान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री हैं। वह पीएम नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में भी मंत्री थे। तोमर 2009 से 2014 तक मुरैना से 15वीं लोकसभा और 2014 से 2019 तक ग्वालियर से 16वीं लोकसभा के सदस्य भी रहे। लोकसभा चुनाव 2019 में वह मुरैना से चुने गए। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत छात्र नेता के तौर पर की। 1979-80 सरकारी कॉलेज मुरार के छात्र संघ अध्यक्ष चुने गए। 1983-87 वे नगर निगम ग्वालियर के काउंसिलर थे। 1986-1990 वे बीजेपी यूथ फेडरेशन मध्य प्रदेश के राज्य उपाध्यक्ष बने। 1998-2008 में वे मध्य प्रदेश विधानसभा सदस्य बने। 2003-2007 वे मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। इनका राजनीतिक करियर काफी लंबा है।
नरेंद्र सिंह तोमर की शिक्षा और प्रारंभिक जीवन
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का जन्म 12 जून 1957 को मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के ओरेठी गांव में एक राजपूत परिवार में हुआ। उनके पिता का नाम मुंशी सिंह तोमर और माता का नाम शारदा देवी तोमर है। उन्होंने जीवाजी विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की है। उनकी पत्नी का नाम किरण तोमर है। उन्हें दो बेटे और एक बेटी है। तत्कालीन मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर उन्हों मुन्ना भैया कहकर बुलाते थे।
दिमनी विधानसभा सीट की स्थिति
दिमनी विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा बार बीजेपी ने जीत दर्ज की है। लेकिन पिछले 13 सालों से नहीं जीत पाई है। इस बार बीजेपी केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को उतारकर फिर से परचम लहराना चाहती है। दिमनी विधानसभा में कुल वोटरों की संख्या करीब 2 लाख 15 हजार है। जिसमें पुरुष वोटर करीब 111279 और महिला वोटर करीब 89234 है। जाति के हिसाब से यहां राजपूतों वोटरों की संख्या सर्वाधिक है। इस सीट पर करीब 60000 से अधिक वोटर राजपूत है। इसके बाद यहां ब्राह्मण मतदाता है। 1998 से 2008 तक लगातार यहां पर बीजेपी का कब्जा विधायक के रूप में रहा है। 2008 के बाद से यहां कांग्रेस कब्जा है।
