इलेक्शन

MP Chunav: सीएम शिवराज का ऐलान- रिकार्डतोड़ विकास किया, रिकार्डतोड़ जीतेगी भाजपा

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 15, 2023, 07:07 PM IST

Madhya Pradesh Election: पीतांबरा माई के आंगन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया कि इस बार की दिवाली होगी कमल वाली होगी। दतिया में लाड़ली बहना सम्मेलन और भीड़ भरी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं इतनी आसानी से मरने वाला नहीं हूं, करोड़ों बहनों की दुआएं मेरे साथ हैं।

Image

पीतांबरा माई के आंगन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ऐलान।

Photo : Twitter

Datia News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का धुआंधार प्रचार जारी है। रविवार को मुख्यमंत्री चौहान दतिया पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी और गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में एक जनसभा और लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित किया। सीएम शिवराज ने कहा कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को तबाह और बर्बाद कर दिया था। कांग्रेस के राज में जो प्रदेश पिछड़ा और बीमारू था, आज वो समृद्ध और विकसित प्रदेश है। सीएम ने कहा कि दतिया कभी क़स्बा कहलाता था, आज वो शानदार नगर बन गया है। आज दतिया का स्वरूप बदल गया है। इसके विकास के लिए अपने भाई और मित्र नरोत्तम मिश्रा को को बधाई देता हूं।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि कमल नाथ जब मुख्यमंत्री थे, तो केवल पैसे के अभाव का रोना ही रोते रहते थे। लेकिन जहां चाह होती है, वहां राह को निकलना ही पड़ता है। मैं कहता हूं कि विकास के लिए मेरे पास पैसे की कोई कमी नहीं है।

सीएम शिवराज ने पीएम मोदी को कहा धन्यवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्‍व एवं कुशल मार्गदर्शन ने मध्‍य प्रदेश के विकास में अतुलनीय योगदान दिया है। जनसभा में उपस्थित समुदाय से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत के निर्माण एवं जनता के विकास के लिए हमें चुनाव जिताना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्‍य प्रदेश में हमने रिकॉर्ड तोड़ विकास किया है, इसलिए इस बार हम रिकॉर्ड तोड़ वोटों से जीतेंगे। मुझे पूर्ण विश्‍वास है कि इस बार की दिवाली भी कमल वाली होगी।

'बहनों की कल्याण के लिए सब कुछ करूंगा'

लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैंने पैसे का इंतजाम कर दिया है, अगली 10 तारीख को फिर बहनों के खाते में पैसे आएंगे। सीएम ने कहा कि कांग्रेसियों को इससे जलन हो रही है, वह मेरे श्राद्ध की बात कह रहे हैं। लेकिन मैं इतनी आसानी से मरने वाला नहीं हूं, करोड़ों बहनों की दुआएं मेरे साथ हैं।

शिवराज ने सुनाई महिला सशक्तिकरण की कहानी

पहले प्रदेश में बेटियां बोझ समझी जाने लगी थीं, तो हमने लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई। अब मध्यप्रदेश की धरती पर जन्म लेने वाली हर बेटी लखपति होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने यह भी तय भी किया है किया कि अगले साल से अगर बहनें चाहेंगी कि यहां शराब की दुकान नहीं खुलनी चाहिए, तो वहां किसी भी कीमत पर शराब की दुकान नहीं खोली जाएगी।

प्रदेश की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद

सभा से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दतिया की विश्वप्रसिद्ध पीताम्बरा पीठ में पूजा अर्चना करके मध्य प्रदेश की खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां से मां की आराधना के साथ हम स्‍वर्णिम मध्‍यप्रदेश की यात्रा प्रारंभ कर रहे हैं। आज दतिया के प्रसिद्ध माँ पीताम्बरा पीठ मंदिर में दर्शन एवं पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। माँ पीताम्बरा भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं, दुःख दूर करती हैं और सुख-समृद्धि देती हैं। मैया की कृपा पूरे देश व प्रदेश पर बनी रहे, सब सुखी एवं स्‍वस्‍थ रहें, यही कामना करता हूं।

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में दतिया विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने डॉ नरोत्तम मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है। उनके प्रचार के लिए ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सभा को संबोधित करने दतिया पहुंचे थे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article