Madhya Pradesh Ajay Singh Churhat Election 2023 Profile: अजय सिंह मध्य प्रदेश में कांग्रेस के नेता हैं। वह सूबे की चुरहट सीट से छह बार के विधायक हैं। सिंह इसके अलावा राज्य में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। साथ ही प्रदेश की विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे हैं। उनके पिता अर्जुन सिंह पूर्व सीएम थे।
सिंह पहली दफा 1985 में एमएलए बने थे। फिर 1991, 1998, 2003, 2008 व 2013 में भी विधायक चुने गए थे। उन्होंने 1998 में 11वीं विधानसभा के सदस्य निर्वाचित होने के साथ ही मंत्री पद का भी दायित्व निभाया था। 15 अप्रैल 2011 से 10 दिसंबर 2013 तक वे नेता प्रतिपक्ष के पद पर भी रहे थे।
हालांकि, साल 2018 में उन्हें अपने ही गढ़ में मात मिली थी। उन्होंने हार के पीछे पूर्व सीएम कमलनाथ के साथ किए दौरों को जिम्मेदार ठहराया था। वह एक इंटरव्यू में बोले थे- बीता चुनाव मैं अपनी बेवकूफी से हारा था। मैं चुरहट या विंध्य में ही रहता तब ऐसी स्थिति न होती। सबक मिला है कि ऐन मौके पर अपने ही क्षेत्र में रहना चाहिए।
दरअसल, इसी चुनाव में सूबे में सत्ता बदली थी। 15 साल से जमी हुई बीजेपी को कांग्रेस ने बाहर कर दिया था, पर सिंह चुरहट सीट पर बीजेपी के शारदेंदु तिवारी से 6,402 वोटों से हार गए थे।
2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान आए उनके एफेडेविट के हवाले से myneta.info ने बताया कि उनके पास 25 करोड़ 48 लाख 76 हजार 883 रुपए की संपत्ति है, जबकि उनके खिलाफ दो केस भी हैं।
