Lok Sabha Election: बिहार से अभी कुछ दिनों पहले ही भारत जोड़ो न्याय यात्रा करके निकले राहुल गांधी एक बार फिर से बिहार जाने की तैयारी कर रहे हैं। 3 मार्च को पटना में महागठबंधन की एक रैली होनी है, जिसे कांग्रेस नेता राहुल गांधी संबोधित करेंगे। इस रैली में विपक्ष के कई नेता जुटेंगे, जिसमें लालू यादव से लेकर सीताराम येचुरी तक का नाम शामिल है।
3 मार्च को पटना में रैली
कांग्रेस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता राहुल गांधी तीन मार्च को बिहार जाएंगे और यहां एक रैली में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) महासचिव सीताराम येचुरी समेत अन्य नेताओं के साथ मंच साझा करेंगे। बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने यहां एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की।
जन विश्वास महारैली
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित की जाने वाली इस रैली को "जन विश्वास महारैली" का नाम दिया गया है और इसे संबोधित करने वालों में लालू प्रसाद के छोटे पुत्र और उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी माने जाने वाले तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे। तेजस्वी हाल में राहुल गांधी नीत भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भी शामिल हुए थे।
जन विश्वास यात्रा पर तेजस्वी
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पाला बदलने से उपमुख्यमंत्री पद गंवा चुके तेजस्वी यादव वर्तमान में ‘‘जन विश्वास यात्रा’’ के तहत राज्य के दौरे पर हैं। रैली में आने वाली अन्य प्रमुख हस्तियों में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)के महासचिव डी. राजा और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी- मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा- माले) के दीपांकर भट्टाचार्य भी शामिल हैं।
