Lok Sabha Election 2024: देश में आज लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 21 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है। PM मोदी समेत देश के दिग्गज नेताओं ने मतदाताओं से वोट देने की अपील की है। कई राज्यों से मतदान की तस्वीरें सामने आ रही हैं। ऐसें में कुछ ऐसी तस्वीरें भी सामने आई हैं, जो औरों को भी वोटिंंग करने के लिए प्रेरित करने वाली है। उधमपुर के रहने वाले साहिल अब्रॉल ने दुल्हन को घर लाकर पहले मतदान किया। दुल्हन ने भी ससुराल जाने से पहले मतदान किया। मतदान के बाद दुल्हन ने लोगों से मतदान करने की अपील की।
देखिए लोकसभा चुनाव की कुछ खूबसूरत तस्वीरें
वहीं दढ़ियाल बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति फत्तावाला में 101 वर्ष की सोमती ने वोटर आईडी दिखाया और अपने मत का प्रयोग किया।
दूसरी तरफ 102 साल की चिनम्मा ने तमिलनाडु के डिंडीगुल में अपने मताधिकार का प्रयोग करके लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित किया।
औरंगाबाद में बूथ संख्या 159 पर धर्म और जाति को भूलकर लोगों ने जमकर वोट किया। इस दौरान कई बुजुर्ग मतदाताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग करके दूसरों को वोट करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं उत्तराखंड में तीन पीढ़ियों- प्रभा शर्मा, उनकी बेटी प्रीति कौशिक, और पोती शमिता कौशिक और साक्षी कौशिक ने आज देहरादून में एक मतदान केंद्र पर एक साथ मतदान किया।
लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने सेल्फी भी ली।
